पटनाः बिहार विधानसभा का 18वां सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन 243 विधायकों में से 237 विधायकों ने शपथ ली। मोकामा के विधायक अनंत सिंह समेत 6 विधायक सोमवार को शपथ नहीं ले पाए। अलीनगर सीट से चुनाव जीतकर आई मैथिली ठाकुर ने मैथिली में शपथ ली। वो इस विधानसभा में सबसे कम उम्र की विधायक है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के शपथ लेने के बाद दानापुर से बीजेपी विधायक और मंत्री रामकृपाल यादव ने उन्हें गले लगा लिया। रामकृपाल यादव 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले लालू यादव के सबसे करीबी माने जाते थे लेकिन पाटलिपुत्रा की सीट मीसा भारती को दिये जाने के बाद उन्हें आरजेडी छोड़ दिया और बीजेपी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और सांसद बने। इसके बाद वो मोदी कैबिनेट में मंत्री भी बनाए गए। 2024 लोकसभा चुनाव में मीसा भारती ने रामकृपाल यादव को हरा दिया। इसके बाद 2025 के विधानसभा चुनाव में रामकृपाल यादव ने बाहुबली रीतलाल यादव को हराया और नीतीश सरकार में बीजेपी कोटे से मंत्री बने। रामकृपाल यादव और तेजस्वी यादव में चाचा भतीजे का रिश्ता रहा है लेकिन रामकृपाल के बीजेपी चले जाने के बाद दूरी बढ़ गई। लंबे समय के बाद रामकृपाल और तेजस्वी एक साथ नजर आए और रामकृपाल ने अपना स्नेह तेजस्वी पर विधानसभा में शपथग्रहण के दौरान दिखाया।
सर्दी में बढ़ेगी सियासी तपिशः क्या महागठबंधन से अलग होगा राजद? बिहार चुनाव के बाद झारखंड में सियासी भूचाल
वहीं बीजेपी विधायक प्रेम कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए नामांकन किया है। संभावना है कि वो निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे।बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी शपथ लिया है। अब तक विधानपरिषद के सदस्य रहे सम्राट चौधरी इस बार तारापुर से विधायक चुने गए है। बिहार विधानसभा में चल रहे शपथ ग्रहण में राजद विधायक और शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब ने हिंदी में शपथ ग्रहण की। वहीं, बीजेपी विधायक तारकिशोर प्रसाद और रत्नेश सदा ने संस्कृत में शपथ ली।महिषी से आरजेडी विधायक गौतम ऋषि ऑटो से हवाई चप्पल पहने विधानसभा पहुंचे। चप्पल पहनने को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे चप्पल में कंफर्टेबल रहता है।यह सत्र 1 से 5 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इसे देखते हुए राजधानी पटना के जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सत्र के दौरान पटना में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू रहेगी। जिसके तहत किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, जुलूस और सार्वजनिक विरोध कार्यक्रम पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नवगठित विधानसभा के इस सत्र में कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं।



