15 लाख का इनामी भाकपा माओवादी कमांडर रविंद्र गंझू का दस्ता सदस्य आकाश नगेसिया गिरफ्तार

लोहरदगा : प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन भाकपा माओवादी के 15 लाख का इनामी कुख्यात नक्सली रीजनल कमांडर रविंद्र गंझू के दस्ता सदस्य आकाश नगेसिया को लोहरदगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के ईचवाटांड़ ओनेगढ़ा निवासी आकाश नगेसिया ने वर्ष 2021 में सरकार की आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर लोहरदगा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। जिसके बाद उसे पुलिस ने जेल भेज दिया था। एक वर्ष बाद जेल से बाहर आने पर वह फिर से नक्सली गतिविधियों में शामिल हो गया। आत्मसमर्पण के बाद सरकार की आत्मसमर्पण नीति के तहत आकाश नगेसिया को एक लाख रुपये मिले थे। वह वर्ष 2022 में जेल से बाहर आया, इसके बाद भाकपा माओवादी के रीजनल कमांडर रविंद्र गंझू के संपर्क में आया जिसके बाद वह लगातार नक्सली घटनाओं में शामिल रहा। आकाश नगेसिया के विरुद्ध लोहरदगा जिले के पेशरार, सेरेंगदाग थाना में अलग-अलग कई मामलों में आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट, मारपीट, षड्यंत्र, चोरी आदि से संबंधित प्राथमिकी दर्ज किए गए थे। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच लोहरदगा एसपी हारिश बिन जमां को गुप्त सूचना मिली कि भाकपा माओवादी संगठन का दस्ता सदस्य आकाश नगेसिया ट्रेन से कहीं भागने की फिराक में है। जिसके बाद एसपी ने पेशरार थाना प्रभारी अख्तर अली के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। टीम में पेशरार थाना प्रभारी अख्तर अली के साथ सअनि रामदेव कुमार राय, आरक्षी रुपेश कुमार सिंह, राजेश उरांव, आत्मा प्रकाश उरांव, गृह रक्षक निरज कुमार मिश्रा, आरक्षी जयमंगल कुमार सिंह, बुधराम सिंह मुंडा, चालक आरक्षी निरमल मार्सल मिंज शामिल थे। टीम के साथ पेशरार थाना प्रभारी अख्तर अली रांची रेलवे स्टेशन पहुंचकर आकाश नगेसिया को धर दबोचा। जिसके बाद गिरफ्तार नक्सली को मीडिया के सामने लाकर कर एसपी हारिश बिन जमां ने बताया कि आकाश नगेसिया पर ट्रैक्टर में आग लगाने, गोलीबारी सहित कई कांड दर्ज हैं। उसके खिलाफ पेशरार थाना में कांंड संख्या 23/22, सेरेंगदाग थाना कांड संख्या 02/23, सेरेंगदाग थाना कांड संख्या 03/23, सेरेंगदाग थाना कांड संख्या 07/23 दर्ज किया था। इससे पहले उसके विरुद्ध पेशरार थाना में कांड संख्या 01/20 दर्ज था। एसपी का कहना है कि पुलिस इस बारे में भी जांच कर रही है कि आत्मसमर्पण के बाद नक्सली आकाश फिर से नक्सली गतिविधि में क्यों शामिल हो गया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now