देवघर : मधुपुर थाना क्षेत्र में पालिटेक्निक कालेज के एक छात्र की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई है। मृतक 18 वर्षीय सनोज कुमार पोद्दार मूल रूप से जिले के सारठ थाना क्षेत्र के हेठडीह गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह स्वजनों के साथ जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के उपर टोला में रहता था। उसका शव मधुपुर थाना क्षेत्र के बावनबीघा मोहल्ला के पास मधुपुर-गिरिडीह रेल लाइन पर ओझा मोड के स्थित रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों से बीच से बरामद किया गया है। उसकी हत्या चाकू से गोदकर कर दी गई। उसके गर्दन व सीने पर चाकू से गोदे जाने के 20 से 25 निशान मौजूद हैं। हत्या करने के बाद उसके शव को झाड़ियों में लेकर जाकर छुपा दिया गया। पुलिस ने मृतक का बाइक बरामद कर लिया है। हालांकि उसका मोबाइल नहीं मिला है। पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतक के एक साथी को हिरासत में लिया है। उक्त साथी सहित तीन युवकों से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि मृतक मधुपुर राजा भिट्ठा स्थित पालिटेक्निक कालेज में इलेक्ट्रिकल इंजिनियरिंग विभाग के प्रथम वर्ष का छात्र था। दो दिन पूर्व उसने यहां रजिस्ट्रेशन
कराया था। स्वजनों ने बताया कि शनिवार की सुबह वह कालेज जाने की बात कहकर घर से निकला था। कालेज से उसकी छुट्टी करीब 12 बजे हो गई थी। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटा। उसका माेबाइल भी लगातार बंद हा रहा था। इस कारण घर के लोग काफी परेशान हो गए। वे लोग उसका पता लगाने के लिए निकले। वे उसका पता लगाते-लगाते उसके कालेज पहुंचे। वहां उसके दोस्तों ने बताया कि वह हर दिन सनोज जिस दोस्त के साथ जाता था उसके साथ नहीं जाकर आज वह शुभम के साथ बाइक से कालेज से निकला है। वहीं बताया जाता है कि मरने से पहले उसने घटनास्थल के पास स्थित रेलवे लाइन का फोटो अपने कुछ साथियों को मोबाइल पर भेजा था।
उसका कुछ पता नहीं चलने पर स्वजनों ने शुभम की तलाश शुरू की। उसका नंबर उपलब्ध किया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शुभम को फोन करके थाना बुलाया। शुभम मूल रूप से जामताड़ा जिला के करमाटांड थाना क्षेत्र के सुनसुन डबरा गांव का रहने वाला है। शुभम के आने पर पता चला कि उसका हाथ जख्मी है। पूछताछ के क्रम में उसकी निशानदेही पर झाड़ियों के बीच से सनोज का हत्या कर फेंका गया शव बरामद किया गया। उसकी बाइक भी वहीं से बरामद की गई। इसके बाद सनोज के दोस्त शुभम से पुलिस ने पूछताछ शुरू की। पता चला कि वह सनोज की बाइक पर स्टेशन छोड़ने की बात कहकर सवार हुआ था। रास्ते में एक दोस्ट का जन्मदिन पार्टी होने की बात कहकर उसने रेलवे लाइन के किनारे ले गया। वहां अचानक पीछे से तीन युवक आए। दो ने मास्क पहन रखा था। उसमें से एक ने चाकू से हमला शुरू कर दिया। सनोज को बचाने के चक्कर में उसका भी हाथ जख्मी हो गया। सनोज की हत्या करने
के बाद वे लोग भाग गए। वहीं वह भी डर के मारे वहां से भाग गया। पुलिस को शुभम का बयान संदेहास्पद लग रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में रखा और पूछताछ फिलहाल जारी है। पुलिस ये जानने का प्रयास कर रही है कि घटना के बाद तत्काल उसने शोर क्यों नहीं मचाया, वह किसके जन्मदिन की बात कहकर सनोज को वहां ले गया, घटना की जानकारी उसने पुलिस को क्यों नहीं दी, वह घर क्यों भाग गया, वह चुपचाप हाथ में पट्टी बांधकर घर पर क्यों बैठा रहा, उनके
घटनास्थल के पास पहुंचने के बाद तीन युवक वहां कहां से और कैसे पहुंच गए, वे लोग वहां थे इस बारे में उन्हें कैसे पता चला, मृतक का मोबाइल क्या है इन सवालों का जवाब पुलिस ढुढ़ने का प्रयास कर रही है। इन्हीं कारणों से पुलिस को शुभम पर संदेह हो रहा है। पुलिस मृतक के मोबाइल का पता लगाने का प्रयास कर रही है। उसके मोबाइल का लोकेशन लिया जा रहा है। अंतिम लोकेशन कहां था ये पता लगाया जा रहा है। इस घटना में और कौन लोग हैं और घटना को क्यों अंजाम दिया गया इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही हत्या में प्रयोग किए गए हथियार की भी तलाश की जा रही है। स्वजनों ने बताया कि सनोज का किसी से कोई झगड़ा नहीं था और उसे नशा की भी आदत नहीं थी। मृतक तीन भाई था। उसके पिता सुधीर पोद्दार का पथरौल में सोने, चांदी का दुकान है। इस घटना के बाद पूरा परिवार शोक में डूब गया है। किसी की समझ में ये नहीं आ रहा है कि सनोज की इतने निर्मम ढंग से किसी ने क्यों हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं स्वजनों का कहना है कि सनोज किसी तरह का नशा नहीं करता था। उसे पार्टी के नाम पर बहला-फुसलाकर ले जाया गया और फिर उसकी साजिश के तहत हत्या कर दी गई है। उन लोगों ने उसके साथी शुभम के भी घटना में शामिल होने की आशंका व्यक्त की है। वहीं इस सिलसिले में पुलिस पदाधिकारी शुभम सहित तीन युवकों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। मामले को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि उसकी हत्या काफी आक्रोश में की गई है। इस मामले की जांच के लिए पथरौल व मधुपुर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है।
मधुपुर पालिटेक्निक कालेज के छात्र की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या

Leave a Comment
Leave a Comment


