रांचीः राजधानी रांची के दशम फॉल इलाके में सड़क पर युवतियों के साथ सरेआम गुंडागर्दी देखने को मिली। जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही तीन युवतियों की कार का स्कार्पियो सवार दो युवकों ने पीछा किया, फिर रास्ता रोक कर कार में तोड़फोड़ की। उन दानों ने चालक पर भी हमला किया। मुसीबत में पड़ी युवतियां जब चीखने-चिल्लाने लगी तो लोग जुटने लगे, फिर आरोपी वहां से भाग निकले और कई अनहोनी होने से बच गयी।
यह घोर अभद्रता है बिल्कुल बर्दाश्त करने योग्य नहीं, महिलाओं के साथ या किसी भी व्यक्ति के साथ ऐसे बर्ताव करने वालों को नहीं बक्शा जाना चाहिए।
.@ranchipolice त्वरित कार्यवाही करें।
.@HemantSorenJMM https://t.co/0QjcpjOYze— Deepak Birua (@deepakbiruajmm) July 8, 2026
सूर्य मंदिर के पास टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
पीड़ित एक युवती के अनुसार, वे मंगलवार सुबह अपनी बहन, सहेली और चालक रणवीर सिंह के साथ कार से हजारीबाग जा रही थीं।बुंडू में नाश्ता करने के बाद वे सूर्य मंदिर घूमने पहुंचीं। वहां से दोपहर करीब 12:27 बजे एनएच पर निकलते ही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (जेएच-01-जीएच-4141) ने उनकी कार को टक्कर मार दी। युवतियों का कहना है कि गलती स्कॉर्पियो चालक की थी, लेकिन अपनी गलती मानने के बजाय दोनों युवक अभद्रता करने लगे। जब चालक रणवीर सिंह ने केवल सावधानी से गाड़ी चलाने की बात कही तो एक युवक गुस्से में उनकी ओर बढ़ने लगा। स्थिति बिगड़ती देख युवतियां वहां से निकल गईं।
कई किलोमीटर तक किया पीछा
युवतियों के मुताबिक, इसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवक लगातार उनकी कार का पीछा करने लगे। जान बचाने के लिए चालक ने कार को रिवर्स कर गलत दिशा में भी मोड़ा, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते रहे। पीड़ितों ने दोपहर 12:33 बजे डायल-100 पर कॉल कर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और स्कॉर्पियो का नंबर भी बताया। उनके अनुसार कंट्रोल रूम से 12:38 बजे रांची पुलिस को सूचना भेज दी गई थी, लेकिन तब तक कोई पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची।
पत्थर मारकर तोड़ा कार का शीशा
करीब 12:48 बजे दशम फॉल क्षेत्र के पास आरोपियों ने उनकी कार को रोक लिया। दोनों युवक चालक की ओर का दरवाजा खुलवाने लगे। जब चालक ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने पत्थर मारकर ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया।कांच लगने से चालक रणवीर सिंह घायल हो गए। युवतियों ने बताया कि वे लगातार मदद के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं मिली। बाद में जब आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पहुंची पुलिस
पीड़ित युवतियों का कहना है कि घटना के बाद दोपहर 12:58 बजे दशम फॉल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद वे थाना पहुंचीं, जहां देर शाम तक कार्रवाई चलती रही। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया और आरोपियों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया।
‘आज हमारे साथ जो हुआ, उसने अंदर तक डरा दिया’
घटना के बाद पीड़ित युवतियों ने कहा, ‘आज हमारे साथ जो हुआ, उसने अंदर तक डरा दिया। हम लगातार पुलिस को फोन करते रहे, लेकिन घटना होने से पहले कोई नहीं पहुंचा। दिनदहाड़े परिवार के साथ इस तरह हमला होना बेहद भयावह है। ऐसे लोग इंसान नहीं, हैवान हैं।’
हाइवे पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सूर्य मंदिर से दशम फॉल तक हाइवे पेट्रोलिंग और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कहीं भी पुलिस की गश्ती टीम नजर नहीं आई। लोगों का कहना है कि डायल-100 या डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद निर्धारित समय में पुलिस को मौके पर पहुंचना चाहिए था।
ग्रामीण एसपी ने क्या कहा
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के लगभग 20 मिनट बाद दशम फॉल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र अंदरूनी होने के कारण पहुंचने में कुछ समय लगा। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है । स्कॉर्पियो में रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के रहने वाले दो सवार थे।
30 हजार के हर्जाने के साथ आपसी समझौता
कार का शीशा टूटने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी और तनाव का माहौल बन गया था।हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रबुद्ध जनों, प्रत्यक्षदर्शियों और दोनों पक्षों के वरिष्ठ लोगों ने हस्तक्षेप किया।बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने समझदारी का परिचय दिया और कानूनी पचड़े में पड़ने के बजाय आपसी रजामंदी से एक लिखित समझौता पत्र तैयार किया।
जाने समझौते की मुख्य शर्तें
- प्रथम पक्ष ने लिखित निर्णय लिया कि वे इस दुर्घटना या तोड़फोड़ के संबंध में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराएंगे।
- अपनी गलती और गुस्से में किए गए नुकसान को स्वीकार करते हुए द्वितीय पक्ष (स्कॉर्पियो सवार युवकों) ने क्षतिग्रस्त कार की मरम्मत के लिए मौके पर ही 30 हजार की नकद राशि हर्जाने के रूप में दी।


