लोहरदगा : रांची के सिविल जज सीनियर डिवीजन 16 सह स्पेशल जज इकोनामिक ऑफेंस जेएमएफसी-एक्स मनोज कुमार इंदवार की पत्नी सह शिक्षिका मीनाक्षी खलखो लोहरदगा शहरी क्षेत्र के नदिया चौक में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई। वहां पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप पटनायक सहित अन्य लोगों की सहायता से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर महिला का इलाज किया गया है। महिला के कमर और पैर में गंभीर रूप से चोट आई है। शिक्षिका का बायां पैर फ्रैक्चर कर गया है। कहा जा रहा है कि मीनाक्षी खलखो हरमू रोड में किराए के मकान में रहती हैं, जबकि उनके पति मनोज कुमार इंदवार रांची में जज हैं, जो पहले लोहरदगा सिविल कोर्ट में एसडीजेएम के पद पर कार्यरत थे। दुर्घटना उस वक्त हुई, जब महिला शिक्षिका मीनाक्षी खलखो को अपने पुत्र के साथ नदिया चौक में खड़ी थी। तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित मारूति वैन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। शिक्षिका को टक्कर मारने से पहले उक्त वैन ने पहले एक सड़क किनारे खड़े ठेला में टक्कर मारी और उसके बाद शिक्षिका को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के कुछ देर के लिए वहां पर अफरातफरी मच गई। वहां पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।


