गुमला : जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। खरका पुल पर अनियंत्रित बाइक के नीचे गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने समय रहते बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। इस सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान बड़काडीह गांव निवासी मंगरा उरांव ( वर्ष 25) और चरकू उरांव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल सूरज उरांव को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बड़काडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मंगरा उरांव ने मछली खाने की इच्छा जताई, जिसके बाद तीनों खरका की ओर मछली खरीदने निकल पड़े। खरका पुल के समीप पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे जा गिरी। हादसे के दौरान सूरज उरांव ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन मंगरा और चरकू गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद मंगरा उरांव और चरकू उरांव को मृत घोषित कर दिया, जबकि सूरज का इलाज किया गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। दुर्घटना में दोनों मृतकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का प्रमुख कारण बनीं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट पहनने और दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी नहीं बैठाने की अहमियत को रेखांकित करता है।


