जामताड़ा : क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के भेलवाटांड़ गांव स्थित पोखर के समीप छापेमारी कर आरोपित को पकड़ा। उसके पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सकलपुर से बरमुण्डी जाने वाले रास्ते में भेलवाटांड़ स्थित पोखर के बगल में ट्रांसफार्मर पोल के पास बांस झुड़ में साइबर अपराधी के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर छापेमारी कर महताब अंसारी (27) को गिरफ्तार कर लिया। वह करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बरमुण्डी गांव निवासी स्वर्गीय मुख्तार अंसारी का पुत्र है।



एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर हासिल करते थे गोपनीय जानकारी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड लेने की बात कहकर लोगों को अपने झांसे में लेते थे। इसके बाद उनके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। इसी जानकारी के आधार पर साइबर ठगी की जाती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपितों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है।
मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 55/26, दिनांक 6 सितंबर दर्ज किया गया है। आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), आइटी एक्ट की धारा 66(बी), 66(सी), 66(डी) तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 42(3)(ई) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित रिजर्व गार्ड के आरक्षी व हवलदार शामिल थे। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।





