लोहरदगा: विश्व जनजातीय दिवस के अवसर पर इस बार झारखंड का लोहरदगा राष्ट्रीय स्तर के सबसे बड़े जनजातीय आयोजनों में से एक की मेजबानी करेगा। भारत स्काउट एवं गाइड, झारखंड राज्य के तत्वावधान में 6 से 10 अगस्त तक कुडू प्रखंड स्थित डायट प्रशिक्षण केंद्र, चिरी में पहली बार नेशनल ट्राइबल मीट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय इस राष्ट्रीय समागम में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले स्काउट एवं गाइड के सैकड़ों प्रतिभागी अपनी जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, खानपान और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और पांच अगस्त से प्रतिभागियों का लोहरदगा पहुंचना शुरू हो जाएगा। भारत स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त सह झारखंड स्टेट ग्रोथ कोऑर्डिनेटर गौतम लेनिन ने कहा कि पहली बार लोहरदगा को राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। यह केवल जिले ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण है। स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएगी और देशभर के सामने हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति की अलग पहचान स्थापित करेगी।

धीरज प्रसाद साहू करेंगे उद्घाटन
नेशनल ट्राइबल मीट का उद्घाटन 6 अगस्त को शाम पांच बजे होगा। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रवीण कुमार सिंह तथा पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनुपमा भगत मौजूद रहेंगे। भारत स्काउट एवं गाइड झारखंड के प्रशासक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अनिल कुमार सिंह ने आयोजन के लिए जिला इकाई को शुभकामनाएं दी हैं।

देशभर की जनजातीय संस्कृति का होगा संगम
पांच दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागी अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, लोकनृत्य, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुति देंगे। ग्रामीण मेला, जनजातीय विवाह परंपराओं का प्रदर्शन, पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, हस्तशिल्प बाजार, रंगोली, चित्रकला, वॉल पेंटिंग, पोस्टर लेखन, बैंड डिस्प्ले, पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वादन, सांस्कृतिक झांकियां, ग्रामीण खेल और शारीरिक प्रदर्शन कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे। नौ अगस्त को विश्व जनजातीय दिवस के अवसर पर भव्य ग्रैंड कैंप फायर का भी आयोजन किया जाएगा।

प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्था
देशभर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए डायट चिरी परिसर में आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं। उपायुक्त संदीप कुमार मीना, एसपी सादिक अनवर रिजवी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव शैलेंद्र कुमार सुमन ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विश्व की विविध जनजातीय संस्कृतियों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से यह राष्ट्रीय आयोजन लोहरदगा की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।







