लोहरदगाः झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने शुक्रवार को रांची में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोहरदगा जिले में पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों, संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्य योजनाओं से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की।मुलाकात के दौरान जिले के राजनीतिक एवं सांगठनिक विषयों के साथ-साथ सरकार की ओर से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मोजम्मिल अहमद ने मुख्यमंत्री को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा जनहित के मुद्दों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झामुमो कार्यकर्ता सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार सक्रिय हैं जिले के स्थानीय स्तर की समस्याओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने जिलाध्यक्ष को निर्देश दिया कि पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नियमित रूप से गांवों और पंचायतों में जाएं तथा आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें। सरकार की योजनाओं की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भी कार्यकर्ता सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार जमीनी कार्यकर्ता हैं। इसलिए पार्टी को बूथ एवं पंचायत स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर भी जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।






