पटनाः बिहार में नीट पेपर लीक के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुए पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विरोध में लोकभवन मार्च निकाला गया। इस मार्च के दौरान प्रतिकात्मक रूप से आरजेडी समर्थकों ने एके-47 हाथ में रखकर विरोध किया। सिवान में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान एके-47 के इस्तेमाल का विरोध आरजेडी ने अनोखे अंदाज में किया। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं का विशाल समूह जेपी गोलंबर से लोक भवन के लिए रवाना हुआ। हाथों में तिरंगा और विरोध से भरे पोस्टर लिए कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते रहे।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, चौराहों पर पुलिस बल तैनात
मार्च के तय मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उपद्रव और यातायात संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए संवेदनशील चौराहों पर लाठी और इंसास राइफल से लैस पुलिस कर्मियों की भारी तैनाती की गई है।इस बीच, इनकम टैक्स चौराहे के पास सुरक्षा बलों की अत्यधिक मौजूदगी और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण स्थिति थोड़ी जटिल हो गई।
वाहनों के भारी दबाव के बीच करीब आधा घंटा तक बीजेपी कार्यालय के पास डीएम, एसएसपी और आईआरएस ऑफिसर के वाहन जाम में फंसे रहे। गार्ड ने इनकम टैक्स पहुंचकर अधिकारियों को जाम से निकाला।
राजद का आह्वान और राजनीतिक बयानबाजी
इस मार्च को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शीर्ष नेतृत्व ने पहले ही अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी थी। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने युवाओं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में इस मार्च का हिस्सा बनने की अपील की थी।RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि जो छात्र, युवा और Gen Z के लोग अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर विरोध कर रहे थे और सरकार से न्याय की मांग कर रहे थे, वे निहत्थे थे, फिर भी उन पर AK-47 से हमला किया गया। लाठियां चलाई गईं और गोलियां भी चलीं। हम पूछना चाहते हैं कि क्या कानून AK-47 रखने और छात्रों व युवाओं पर गोली चलाने की इजाजत देता है? अगर कानून ऐसा करने देता है, तो फिर कुछ नहीं कहा जा सकता।
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि तेजस्वी यादव राजनीतिक विरोध करें, लेकिन तिरंगे की गरिमा के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। दरअसल, आरजेडी कार्यकर्ताओं के बीच झंडे बांटे गए हैं। कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर खड़े नजर आए।







