बोकारोः माराफारी थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने 21 लाख रुपये की लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घटना मनसा सिंह गेट के पास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, हिटाची कंपनी का कर्मी विजय कुमार नया मोड़ से रुपये लेकर कुर्मीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसे रोक लिया।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर हाथापाई कर 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए।वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उनका पता लगाया जा सके। दिनदहाड़े इतनी बड़ी रकम की लूट से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





