बोकारोः दक्षिण पूर्व रेलवे के धनबाद आद्रा मंडल में तैनात जूनियर इंजीनियर रविंद्र कुमार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 15 हजार रुपये की अवैध वसूली का आरोप है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार दरोगा प्रधान कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड में साइट इंजीनियर के पद पर कार्यरत अरविंद कुमार राय ने 27 फरवरी को सीबीआई में शिकायत दर्ज करायी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि भोजूडीह, बोकारो स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे में कार्यरत जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) रविंद्र कुमार ने साइट ऑफिस में बिजली कनेक्शन दिलाने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
झारखंड नगर निकाय चुनाव में अनुशासनहीनता बरतने वाले पर कांग्रेस ने की कार्रवाई, 7 नेताओं को 3 साल के लिए किया निलंबित
बिजली कनेक्शन लगवाने के नाम पर मांगी राशि
बताया गया है कि संबंधित कंपनी रेलवे के ट्रैक डबलिंग प्रोजेक्ट में काम कर रही है और आद्रा डिवीजन में उसका कार्य जारी है। इसी दौरान भोजूडीह स्थित साइट ऑफिस के लिए बिजली कनेक्शन की जरूरत थी, जिसके बदले आरोपी इंजीनियर ने अवैध राशि की मांग की।
CBI ने दर्ज किया मामला
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच करायी, जिसमें आरोप सही पाये गये। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। सीबीआई ने शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाये जायेंगे।







