रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा जारी सिविल सेवा परीक्षा-2025 के प्रारंभिक परीक्षा रिजल्ट को लेकर सवाल उठा रहे है। इस रिजल्ट को लेकर अभ्यर्थियों ने कई सवाल खड़े किये है। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग द्वारा जारी रिजल्ट में आखिर 832 अभ्यर्थी कहां चले गये। रिजल्ट में इतना बड़े गैप को लेकर अभ्यर्थियों में संशय की स्थिति हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि 832 छात्रों में से एक का भी उत्तीर्ण नहीं होना रिजल्ट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा कर रहा है।
832 रोल नंबर गायब, अभ्यर्थियों ने उठाए सवाल
दरअसल जारी पीटी रिजल्ट में क्रमांक 2601290656 के बाद सीधे क्रमांक 2601291488 उत्तीर्ण हुए हैं। यानी 832 अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण हो गए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस गैप से लगता है कि जैसे एक सेंटर के सभी विद्यार्थी अनुपस्थित थे या फिर सभी की परीक्षा रद्द हो गई है? अभ्यर्थियों ने आयोग से यह भी सवाल किया है कि क्या सभी अभ्यर्थियों के ओएमआर शीट में गलती हो गईहै? आखिर इतनी बड़ी संख्या में एक भी अभ्यर्थी का नहीं आना संदेह पैदा करता है। हालांकि अभ्यर्थियों ने यह भी कहा है कि यह जांच में ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला क्या है।
कटऑफ जारी नहीं होने पर अभ्यर्थियों का विरोध
इधर, अभ्यर्थियों ने कहा है कि आयोग द्वारा 5 जून 2026 को जारी सिविल जज जूनियर पीटी रिजल्ट, 24 जून 2026 को जारी सिविल सेवा बैकलॉग 2023 पीटी रिजल्ट सहित 2 जुलाई 2026 को जारी सिविल सेवा रेगुलर 2025 सहित 3 जुलाई 2026 को जारी फॉरेस्ट रेंज अफसर नियुक्ति मुख्य परीक्षा (लिखित) के अब तक कट ऑफ मार्क्स भी जारी नहीं किए गए हैं। अभ्यर्थियों ने स्थानांतरित परीक्षा नियंत्रक से रिजल्ट जारी कराने का भी विरोध किया है।
सिविल सेवा बैकलॉग पीटी का मॉडल उत्तर जारी एक प्रश्न के सभी विकल्प सही, 4 प्रश्न रद्द
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल सेवा बैकलॉग-2025 प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का संशोधित मॉडल उत्तर जारी कर दिया है। इसमें प्रथम पत्र में एक प्रश्न के सभी विकल्प सही पाए गए हैं, जबकि द्वितीय पत्र में चार प्रश्न को ड्रॉप (रद्द) कर दिया गया है। आयोग ने कुल 45 पदों के लिए 17 मई को प्रारंभिक परीक्षा लेने के बाद 11 जून को प्रारंभिक मॉडल उत्तर जारी किया था। साथ ही अभ्यर्थियों से 12 से 15 जून तक आपत्ति या सुझाव साक्ष्य के साथ मांगा था। अभ्यर्थियों द्वारा आपत्ति दर्ज कराये जाने के बाद आयोग ने शनिवार को संशोधित मॉडल उत्तर जारी कर दिया है। कुल 45 पदों में उपसमाहर्ता के 36, सहायक निबंधक (कृषि) के दो और झारखंड शिक्षा सेवा के सात पद शामिल हैं। प्रारंभिक परीक्षा में लगभग 30 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए. इसके लिए राजधानी में 64 केंद्र बनाए गए थे।


