रांचीः पश्चिम सिंहभूम में लौह अयस्क की अवैध माइनिंग को लेकर लाइव दैनिक ने शुक्रवार को खबर चलाई थी। बताया था कि कैसे मास्टरमाइंड सन्नी सिंह ने अवैध माइनिंग का पूरा सिंडिकेट खड़ा कर दिया है। इस मामले में पूर्वी सिंहभूम जेएमएम ने डीसी से लेकर मुख्यमंत्री तक को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। अब इस मामले में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी कार्रवाई की मांग कर दी है और इस मामले को लेकर सरकार को घेरा है।
पश्चिमी सिंहभूम में अवैध लौह अयस्क माइनिंग का मास्टरमाइंड सन्नी सिंह? JMM ने की सख्त कार्रवाई करने की मांग
बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी,चाईबासा में डीएमएफटी के नाम पर जो खेल पहले से चल रहा था, वह किसी से छिपा नहीं है। लेकिन अब जो खुलासा हो रहा है, वह सीधे-सीधे सत्ता संरक्षण में चल रहे भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार की कहानी बयां करता है।
हर दिन अवैध आयरन ओर के परिवहन की वजह से गरीब आदिवासी सड़क पर कुचले जा रहे हैं, लेकिन आपकी सरकार की संवेदनहीनता पर कोई असर नहीं पड़ रहा। जानकारी के अनुसार रोज़ 40–60 हाईवा आयरन ओर का अवैध परिवहन हो रहा है…क्या यह सब बिना प्रशासन की मिलीभगत के संभव है?
यह भी आरोप है कि अपने आप को आपका रिश्तेदार बताने वाले संतोष किश्कु द्वारा रोज़ चाईबासा DC को गाड़ियों की जानकारी दी जाती है, जिससे यह पूरा अवैध धंधा निर्बाध चलता रहे। संतोष डेबरा, मुन्ना खान, सनी सिंह जैसे कई नाम इस नेटवर्क में शामिल बताए जा रहे हैं। क्या इन सबको राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है?
यह भी खबर है कि विधानसभा सत्र के दौरान दिखावे के लिए अवैध परिवहन रोक दिया जाता है, ताकि सदन में सवाल न उठे और बाहर हंगामा न हो। यह साफ दर्शाता है कि कानून व्यवस्था नहीं, बल्कि “मैनेजमेंट” चल रहा है। आपकी सरकार ने ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों की पूरी फौज खड़ी कर दी है, जो सत्ता के इशारे पर कानून को कुचल रही है। खनिज संपदा की खुलेआम लूट हो रही है, डीएमएफटी फंड तक को नहीं छोड़ा जा रहा, और इस लूट के खेल में हर दूसरे दिन एक आदिवासी की जान हाइवा के नीचे कुचलकर ले ली जा रही है।
अगर आपके भीतर जरा भी नैतिकता और जवाबदेही बची है, तो इस अवैध कारोबार को तुरंत बंद करवाइए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई कीजिए, वरना यह साफ माना जाएगा कि इस पूरे खेल में आपकी मौन सहमति और संरक्षण शामिल है। जो बात आज तक हम कहते आए थे, वो अब आपकी ही पार्टी के लोग कह रहे है।
माननीय मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी,
चाईबासा में डीएमएफटी के नाम पर जो खेल पहले से चल रहा था, वह किसी से छिपा नहीं है। लेकिन अब जो खुलासा हो रहा है, वह सीधे-सीधे सत्ता संरक्षण में चल रहे भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार की कहानी बयां करता है।हर दिन अवैध आयरन ओर के परिवहन की वजह से… pic.twitter.com/N5o4I95nxx
— Babulal Marandi (@yourBabulal) April 11, 2026


