रांची: बेंगलुरु से रांची आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में रविवार सुबह एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। यात्री को सांस लेने में परेशानी होने लगी। विमान के चालक दल ने तत्काल यात्री को विमान में ही आक्सीजन उपलब्ध कराई।रांची एयरपोर्ट पर सुबह 8.55 बजे विमान के उतरने के बाद यात्री के स्वास्थ्य की जांच की गई। स्थिति स्थिर होने के बाद यात्री अपने घर चला गया।
विमान में ही उपलब्ध कराई गई ऑक्सीजन
एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1239 ने बेंगलुरु से सुबह 6.35 बजे रांची के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद एक यात्री को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए पायलट दल ने विमान में उपलब्ध आक्सीजन की मदद से यात्री को राहत पहुंचाई।इसके बाद यात्री की स्थिति स्थिर रही और विमान निर्धारित यात्रा पूरी कर रांची पहुंचा।रांची एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद यात्री के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद स्थिति स्थिर पाए जाने पर यात्री को घर जाने दिया गया।
ऑक्सीजन बोतलों की व्यवस्था में लगा समय, चार घंटे 16 मिनट देर से उड़ा विमान
यात्री को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के बाद विमान में पर्याप्त ऑक्सीजन बोतलों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी था। रांची से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1244 को सुबह 9.35 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरनी थी। लेकिन पर्याप्त ऑक्सीजन बोतलों की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण उड़ान निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी।
दूसरे फ्लाईट से मंगाया गया ऑक्सीजन
विमानन कंपनी ने दिल्ली से आने वाली उड़ान के माध्यम से ऑक्सीजन बोतलें मंगाईं। बोतलों की व्यवस्था होने के बाद रांची से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान ने दोपहर 1.51 बजे उड़ान भरी। इस तरह उड़ान निर्धारित समय से चार घंटे 16 मिनट विलंब से रवाना हुई।
यात्रियों को एयरपोर्ट पर करना पड़ा इंतजार
उड़ान में देरी के कारण बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को रांची एयरपोर्ट पर ही कई घंटे इंतजार करना पड़ा। खासकर जिन यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए बेंगलुरु से दूसरी उड़ान पकड़नी थी, उन्हें अधिक परेशानी हुई। उड़ान में देरी होने से उनकी कनेक्टिंग उड़ान प्रभावित होने की स्थिति बनी।







