रांचीः राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित री-नीट (यूजी 2026) परीक्षा का परिणाम 16 जुलाई की देर रात आ गया। परीक्षा परिणाम आते ही परीक्षार्थियों के बीच परिणाम जानने को लेकर हलचल तेज हो गई।स्कूल प्रबंधन भी इस पल का इंतजार कर रहा था, परिणाम आते ही स्कूल प्रबंधन ने अपने सफल अभ्यर्थियों की लिस्ट जारी करनी शुरू कर दी।इसमें झारखंड के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता पायी है। सुहर्ष कुमार गुप्ता झारखंड टॉपर बने हैं, उन्हें ऑल इंडिया रैंक 455 मिली है और उनका पर्सेटाइल 99.97 है। टॉपर 100 रैंक की सूची में झारखंड का एक भी विद्यार्थी नहीं शामिल है।स्कूल प्रबंधन ने अपने अभ्यर्थियों की सफलता पर प्रसन्नता प्रकट की है। जेवीएम श्यामली के प्राचार्य बीएन झा ने कहा कि स्कूल के बच्चे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।इससे पूर्व भी आयोजित परीक्षा में बच्चों ने अच्छा किया था लेकिन पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद हो गई थी और बच्चों के अरमानों पर पानी फिर गया था।
बता दें कि शहर में 21 परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी की परीक्षा हुई थी। अबकी बार हुई परीक्षा में बायोलाजी के पेपर आसान थे जबकि अन्य दो विषय 2025 के टफ पेपर से भी अधिक कठिन था और मई 2026 में जो परीक्षा कैंसल हुई थी, उससे भी कहीं अधिक कठिन था।
रांची के ज्ञानेंद्र गर्व को ऑल इंडिया रैंक 676 मिली है, उन्होंने परीक्षा में कुल 665 अंक प्राप्त किये है उनका पर्सेटाइल 99.96 है। ज्ञानेंद्र के पिता कुमार मयंक भूषण गढ़वा मेूं एसडीपीओ हैं और मां कुमारी अंजली सरकारी शिक्षिका है। ज्ञानेंद्र ने 12वीं की पढ़ाई जेवीएम श्यामली और 10वीं की पढ़ाई डीएवी कपिलदेव स्कूल से की है। इसके अलरवा रांची के अक्षत प्रेम का एआईआर 2034 और 642 अंक, शाकिब अहमद को एआईआर 2282 और 640 अंक, मयंक को एआईआर 3211 तथा सर्वजीत की एआईआर 4271 मिली है। रांची से लगभग 10 हजार विद्यार्थी नीट यूजी की परीक्षा में शामिल हुए थे।
नीट (यूजी) 2026 में जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
स्कूल के ज्ञानेन्द्र गर्व ने एआईआर 676 प्राप्त कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 2026 में एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय देते हुए शानदार सफलता अर्जित की है।विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय रैंक प्राप्त कर यह सिद्ध किया है कि निरंतर परिश्रम, अनुशासित अध्ययन, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा अभिभावकों का सहयोग सफलता की मजबूत आधारशिला है।
विद्यालय के छात्र ज्ञानेन्द्र गर्व ने 665 अंक (720 में से) प्राप्त करते हुए 99.9629481 पर्सेंटाइल हासिल की तथा अखिल भारतीय रैंक 676 एवं जनरल कैटेगरी रैंक 413 प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान अर्जित किया। उन्होंने जीवविज्ञान, भौतिकी एवं रसायन विज्ञान तीनों विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।विद्यालय के अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। मयंक कुमार ने एआइआर 3211, वैष्णवी राज ने 3905 तथा सर्वजीत ने 4271 प्राप्त कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।इन विद्यार्थियों की सफलता ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए राज्य के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।विद्यालय के कई अन्य विद्यार्थियों ने भी नीट (यूजी) 2026 में सफलता प्राप्त कर देश के प्रतिष्ठित मेडिकल महाविद्यालयों में प्रवेश की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय का समग्र प्रदर्शन विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के समर्पण तथा विद्यालय में उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।विद्यालय के प्राचार्य बीएन झा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते कहा, नीट यूजी 2026 में हमारे विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और हर्ष का विषय है।
ज्ञानेन्द्र गर्व, मयंक कुमार, वैष्णवी राज, सर्वजीत सहित सभी सफल विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता अर्जित की है। मैं सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा समर्पित शिक्षकों को बधाई देता हूं।हमें विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष एमएम दासगुप्ता ने कहा कि जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध रहा है। नीट (यूजी) 2026 में विद्यार्थियों की यह सफलता विद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक संस्कृति, शिक्षकों की निष्ठा तथा अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है।


