पलामू : एनएच-39 पर पोलपोल और पोखराहा के बीच सोमवार अहले सुबह अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर एक व्यक्ति से पल्सर बाइक लूट ली। बताया जाता है कि विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोदरमा कला निवासी विष्णु प्रजापति लातेहार जिले के मनिका से रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान पोलपोल और पोखराहा के बीच सड़क पर अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोका और पिस्टल का भय दिखाकर पल्सर बाइक संख्या जेएच-03 एएक्यू-3836) लूट ली।
घटना के बाद विष्णु प्रजापति ने सतबरवा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक लूट की सूचना मिली है। पुलिस मामले का सत्यापन कर रही है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।






