पटनाः दानापुर थाना क्षेत्र के आर्यसमाज रोड़ पर बाइक सवार दो अपराधियों ने रैपिडो से जा रही एक नाबालिग लड़की को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। इस दौरान रैपिडो चालक को गोली लग गई। जान बचाने के लिए युवती वहां से भागकर पास की एक टेलर की दुकान में जा छिपी, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा वहां तक भी नहीं छोड़ा।बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश टेलर की दुकान तक पहुंचे और दुकान में मौजूद मास्टर को धमकाते हुए युवती को बाहर निकालने के लिए कहा। जबरन उसे बाहर खींचने की कोशिश की गई। इसी दौरान युवती जमीन पर गिर गई। इसके बाद एक बदमाश ने उस पर गोली चला दी। गोली युवती के दाहिने कंधे में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोलीबारी में रैपिडो चालक दानापुर के लखनी बिगहा निवासी राहुल कुमार और नाबालिग लड़की घायल हो गये। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।
लड़की को निशाना बनाकर की फायरिंग, चालक को लगी गोली
जानकारी के अनुसार, आरपीएस मोड़ निवासी नाबालिग लड़की रविवार की शाम रैपिडो बाइक से घर लौट रही थी। आरपीएस मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से पिस्टल तान दी। बदमाशों ने जैसे ही गोली चलायी, लड़की बचने के लिए झुक गयी। इससे गोली रैपिडो चालक राहुल कुमार की कमर में जा लगी। गोली लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान लड़की बाइक से उतरकर जान बचाने के लिए पास की टेलर दुकान में घुस गयी।
टेलर के पीछे छिपी किशोरी को खींचकर मारी गोली
आर्य समाज मंदिर के सामने स्थित टेलर सुधीर वर्मा की दुकान में पहुंचकर लड़की ने उनसे मदद की गुहार लगायी और उनके पीछे छिप गयी। टेलर के अनुसार, कुछ ही देर में दोनों बदमाश दुकान में पहुंच गये। उन्होंने लड़की को बाहर आने के लिए कहा और टेलर को धमकाते हुए सामने से हटने को कहा। इसी दौरान बदमाशों और लड़की के बीच खींचतान हुई, जिसमें वह फर्श पर गिर गयी। आरोप है कि लड़की के गिरते ही बदमाशों ने गोली चला दी, जो उसके कंधे में लगी। इसके बाद दोनों बदमाश पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गये।
टेलर के मोबाइल से परिजनों को दी सूचना
गोली लगने के बाद घायल लड़की ने टेलर के मोबाइल से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह पैदल दुकान से बाहर निकली। रास्ते में परिजन उसे मिले और तत्काल इलाज के लिए राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल ले गये। वहीं घायल रैपिडो चालक राहुल कुमार को इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है।
प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया
घटना की सूचना मिलने के बाद दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने बताया कि घटना में दो लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर बदमाशों की पहचान की जा रही है। घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गयी है।





