गढ़वा में इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी नवविवाहिता की हालत, अस्पताल पहुंचते ही मौत

Picture of Live Dainik

Live Dainik

June 12, 2026

गढ़वा में इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी नवविवाहिता की हालत, अस्पताल पहुंचते ही मौत

गढ़वा : जिले के कांडी थाना क्षेत्र में इंजेक्शन लगने के बाद एक नवविवाहिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान शिवपुर पंचायत के अधौरा गांव निवासी सनोज चौधरी की 18 वर्षीय पत्नी पूनम कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पूनम कुमारी पिछले दो-तीन दिनों से अस्वस्थ थी। पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर गुरुवार को उसे मझिआंव नहर के समीप स्थित एक चिकित्सक के पास दिखाया गया। जांच कराने के बाद चिकित्सक ने दवा और इंजेक्शन लिख दिया। मृतक के पति सनोज चौधरी ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उस समय केवल दवा खरीदकर घर लौट आए थे। शुक्रवार सुबह मझिआंव पहुंचकर इंजेक्शन लिया गया। इसके बाद परिजन पूनम को डेमो निवासी एक व्यक्ति के पास इंजेक्शन लगवाने ले गए। आरोप है कि इंजेक्शन लगाना शुरू करते ही उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि हालत खराब होते देख संबंधित व्यक्ति ने उसे तत्काल बाहर ले जाने को कहा। इसके बाद स्वजन निजी वाहन से पूनम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतका के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

See also  रांची समेत झारखंड के 16 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 60KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now