मेघालय: मेघालय के ताशखाई क्षेत्र में स्थित एक कोयला खदान में भीषण विस्फोट की खबर है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मृतक मजदूरों के असम के निवासी होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया अभी जारी है। हादसे की जानकारी मिलते ही मेघालय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। खदान में फंसे अन्य मजदूरों का पता लगाने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। DGP ने बताया कि यह घटना थांगस्कू इलाके में हुई और बचाव दल तलाशी अभियान चला रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘हमने अब तक 16 शव बरामद किए हैं, लेकिन विस्फोट के समय खदान के अंदर मौजूद लोगों की संख्या के बारे में सटीक जानकारी नहीं है। कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।”
गंभीर रूप से घायल लोगों को शिलांग जा रहा रेफर
ईस्ट जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटना में घायल एक व्यक्ति को एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे राज्य की राजधानी शिलांग रेफर कर दिया गया।शक है कि यह विस्फोट उस जगह पर कोयला खनन की गतिविधियों के दौरान हुआ, जिसे एक गैर-कानूनी काम माना जा रहा है।
धमाका क्यों हुआ, की जा रही जांच
जब पूछा गया कि क्या खदान अवैध रूप से संचालित की जा रही थी, तो कुमार ने कहा, ‘‘हां, ऐसा ही लगता है।” उन्होंने कहा कि विस्फोट की वजह का पता अभी नहीं चला है, और इसकी जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने 2014 में मेघालय में ‘रैट-होल’ कोयला खनन तथा खनन के दूसरे अवैज्ञानिक तरीकों पर प्रतिबंध लगा दिया था।








