चतराः ईटखोरी मां भद्रकाली मंदिर परिसर में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब कीर्तन मंडली के पुजारी श्रीनिवास स्वामी का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों ने कमरे में श्रीनिवास का शव लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया और पुजारी को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों और कीर्तन मंडली के सदस्यों में शोक का माहौल है। मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, श्रीनिवास मंदिर परिसर में ही रहते थे और कीर्तन मंडली से जुड़े कार्यों में अपनी भूमिका निभाते थे। उनकी मौत की खबर फैलने के बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।




