रांचीः बीजेपी ने झारखंड में अपने संगठनात्मक विस्तार करते हुए प्रदेश कार्यसमिति, स्थायी आमंत्रित सदस्यों और विशेष आमंत्रित सदस्यों की नयी सूची जारी की है। पांच साल के बाद बीजेपी में घोषित कार्यसमिति की टीम बनी है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और दीपक प्रकाश के अध्यक्ष के कार्यकाल में कार्यसमिति की घोषित सूची नहीं थी। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से जारी इस सूची में अनुभवी नेताओं और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गयी है। 12 नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में रखा गया है। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, वरिष्ठ आदिवासी नेता कड़िया मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, अभयकांत प्रसाद, यदुनाथ पांडेय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, रामटहल चौधरी और डॉ रवींद्र राय शामिल है।
मा. प्रदेश अध्यक्ष श्री @AdityaPdSahu जी के सहमति से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य एवं स्थायी आमंत्रित सदस्य की नई सूची जारी की जाती है, जो निम्नलिखित है: pic.twitter.com/1YlZTTtsEs
— BJP JHARKHAND (@BJP4Jharkhand) July 28, 2026
प्रदेश कार्यसमिति में बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को प्रमुख स्थान दिया गया है। प्रदेश कार्यसमिति में पूर्व मुख्यमंत्री और सदन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कुल 103 नेताओं को जगह दी गयी है। इसके अलावा जय प्रकाश वर्मा, विकास प्रीतम और लक्ष्मण प्रसाद सिंह को भी कार्यसमिति में शामिल किया गया है। रांची महानगर से अजय मारू, सीमा शर्मा और प्रेम मित्तल को जिम्मेदारी दी गयी है। विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में कुल 32 नेताओं को शामिल किया गया है। रांची महानगर से मो कमाल खान और प्रमोद मिश्रा, जमशेदपुर महानगर से अमरप्रीत सिंह काले, गढ़वा से विनय चौबे, पलामू से अविनाश वर्मा तथा हजारीबाग से सुनील मेहता को शामिल किया गया है।
मंच-मोर्चा के अध्यक्ष का पत्ता कट सकताः मंच-मोर्चा, प्रकोष्ठ के लिए जोर लगा रहे नेताओं का पत्ता कट सकता है। इसके लिए रेस में शामिल कई नेताओं को कार्यसमिति में जगह दे दी गयी। शशांक राज का नाम युवा मोर्चा के लिए सामने आ रहा था, वहीं पवन साहू को किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाये जाने की चर्चा थी।


