गढ़वा : जिले के चिनिया थाना क्षेत्र के सेमराटाड़ टोला के बगल में बहेरवा जंगल के पास 65 वर्षीय अनाती यादव को झुंड से बिछड़े हाथी ने रविवार की सुबह करीब 4:45 बजे कुचलकर मार डाला है। इस घटना की जानकारी मिलते ही चिनिया थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक एवं वन विभाग की टीम ने अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
बताते चले की प्रतिदिन की तरह अनती यादव ने अपने खेत के बगल में कुसुम दामर बथान के पास अपना भैंस लेकर चराने गई थी। इसी दौरान भैंस जंगल की ओर चले गए। उनके पीछे वह भी जंगल की ओर चली गई। इसी दौरान झुंड से भटका हुआ एक अकेला हाथी ने अनती यादव को अपनी सूंड़ में लपेटकर कुछ दूर ले जाकर बेरहमी से पटक पटक कर मार डाला।


इस तरह की दर्दनाक मौत देखकर वहां पर पहुंचे स्थानीय लोग काफी डरे सहमें हुए हैं। जबकि इस घटना के बाद मृतिका के स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग का क्षेत्र में लगातार घटना होने के बावजूद क्षेत्र से जंगली हाथियों को भगाने में विभाग की लापरवाही साफ तौर पर झलकती है। जंगली हाथी भगाने के लिए ग्रामीणों ने कई बार आवाज उठाया, लेकिन वन विभाग का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। पूछे जाने पर प्रभारी वनपाल उत्तम कुमार ने बताया कि वन विभाग के द्वारा तत्काल स्वजन की एक लाख रुपये दिए जा रहे है। सरकारी प्रक्रिया पूरा होने के बाद शेष राशि प्रावधान के हिसाब से दिया जाएगा घटनास्थल से पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दी है





