पटनाः राजधानी के दानापुर इलाके में अपराधियों ने पूर्व पार्षद के घर जमकर तांडव मचाया है। सगुना बुढ़िया कुआं स्थित वार्ड-12 की पूर्व पार्षद रेणु देवी के घर पर बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। रंगदारी नहीं देने और कोर्ट में गवाही से रोकने के लिए अपराधियों ने पूर्व पार्षद के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग, पथराव और तोड़फोड़ की।
हत्या अपहरण की धमकी: पीड़ित पूर्व पार्षद रेणु देवी ने इस मामले को लेकर स्थानीय थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी शराब के नशे में धुत होकर आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने घर पर पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
कोर्ट में गवाही देने पर धमकी: रेणु देवी के अनुसार अपराधियों ने कोर्ट में चल रहे एक मामले में गवाही से रोकने, पूरे परिवार को जान से मारने और बेटी का अपहरण करने की गंभीर धमकी भी दी है। पीड़िता ने मामले में पप्पू यादव, पंचम यादव, विक्की यादव और अंकित पर हमला करने आरोप लगाया है।कहा कि इस पूरी साजिश का मास्टर माइंड उपेंद्र रचिता है।
![]()
डर के मारे घर से नहीं निकल रहे: बताया कि घर में इस वक्त बेहद डर का माहौल है, मेरे पति डर के मारे घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। आरोपियों ने पहले भी इस तरह की घटना को अंजाम दिया था, जिसके कारण हमारा स्कूल बंद करा दिया गया था और रंगदारी की मांग की गयी थी। हमलोग इस खौफ के कारण पिछले डेढ़ साल से बाहर रह रहे हैं। पति की हत्या करने और बेटी को उठाने की धमकी दी जा रही है।घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।बदमाशों की यह पूरी करतूत घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।मामले की छानबीन में जुट गयी है।


