रांची: राजधानी रांची में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ हो गई। धुर्वा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सीठियो इलाके में पुलिस की जवाबी फायरिंग में राहुल दुबे गिरोह के एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। वहीं, पुलिस ने गिरोह से जुड़े कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सदस्य कांके में वारदात को अंजाम देने के बाद शहर से फरार होने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घेराबंदी कर चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने अपने एक अन्य साथी के सीठियो इलाके में आने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने रिंग रोड के पास घेराबंदी की। इसी दौरान मौके पर पहुंचे अपराधी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई।

धुर्वा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सीठियो में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सदस्य सौरभ गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल सौरभ समेत पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, गुड्डू मिश्रा, मोहित कुमार, ऋषभ और सौरभ के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन पिस्टल और चार मैगजीन बरामद की हैं। स्विफ्ट कार तथा चोरी की एक पल्सर बाइक भी जब्त की गई है।







