FIFA World Cup 2026: क्रिस्टियानो रोनाल्डो के आखिरी वर्ल्ड कप मैच में पुर्तगाल को 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। स्पेन से मिली उस हार के साथ ही फीफा वर्ल्ड कप 2026 में उसका अभियान भी खत्म हो गया। इस हार के साथ ही पुर्तगाल के दिग्गज कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया। मैच में डिफेन्स को भेदने के लिए दोनों टीमों ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन स्टॉपेज टाइम के पहले मिनट में स्पेन के सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने एक शानदार गोल करके अपनी टीम की जीत तय कर दी।

मेरिनो ने एक तेज फ़्री-किक से मिली ‘थ्रू बॉल’ को अपने नियंत्रण में लिया और विपक्षी गोलकीपर डियोगो कोस्टा को छकाते हुए ‘लो फिनिश’ (जमीन के पास से शॉट) के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।पुर्तगाल की हार के बाद मैदान में क्रिस्टियानो रोनाल्डो आंखों में आंसू लिए नजर आये और इस हार के दुख को बयां करने के लिए इससे ज्यादा कोई सबूत क्या ही दिखता, अपने फैंस के लिए वर्ल्ड कप जीतने का सपना देख रहे रोनाल्डो के लिए ये हार एक टीस बनकर हमेशा के लिए रह जाएगी। रोनाल्डो ने राउंड ऑफ 16 के मुकाबले से पहले किए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि ये उनका आखिरी वर्ल्ड कप है। हालांकि, उन्होंने इंटरनेशनल फुटबॉल से अपने संन्यास को लेकर अभी तक कुछ नहीं कहा है।
Cristiano Ronaldo gets emotional as he walks off the pitch for the final 💔
Wether you love or hate him you have to respect his dedication to the game he went head to head with Spain at age 41. pic.twitter.com/sAt8DzVtu5
— Stack (@userisstack) July 6, 2026
रोनाल्डो का वर्ल्ड कप करियर
स्पेन के खिलाफ राउंड ऑफ 16 का मुकाबला क्रिस्टियानो रोनाल्डो के वर्ल्ड कप करियर का आखिरी मैच रहा। ये उनके वर्ल्ड कप करियर का ओवरऑल 27वां मैच था। रोनाल्डो फुटबॉल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 6 फीफा वर्ल्ड कप में गोल दागने का कारनामा किया है। वो फीफा वर्ल्ड कप के नॉक आउट राउंड में पहुंचने और खेलने वाले सबसे उम्रदराज प्लेयर भी हैं। क्रिस्टियानो रोनाल्डो फीफा वर्ल्ड कप में पुर्तगाल के लिए सबसे ज्यादा 11 गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं।
फीफा वर्ल्ड कप में रोनाल्डो का सफर
रोनाल्डो ने फीफा वर्ल्ड कप में डेब्यू 2006 में किया था, जब पुर्तगाल को सेमीफाइनल में हार मिली थी। 2010 के वर्ल्ड कप में रोनाल्डो ने पुर्तगाल की टीम के साथ राउंड ऑफ 16 तक का रास्ता तय किया। 2014 के वर्ल्ड कप में उन्हें ग्रुप स्टेज से बाहर होना पड़ा। 2018 के वर्ल्ड कप में फिर से राउंड ऑफ 16 में सफर थमा। 2022 के वर्ल्ड कप में रोनाल्डो ने क्वार्टर फाइनल खेला और अब 2026 के अपने आखिरी फीफा वर्ल्ड कप में वो फिर से राउंड ऑफ 16 से आगे नहीं बढ़ सके। इस तरह उन्हें वर्ल्ड कप जीतने का ख्वाब अधूरा रहा गया।
स्पेन ने एक्स्ट्रा टाइम में पुर्तगाल को हराया
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल और स्पेन का मुकाबला कांटे का हुआ। इस मुकाबले में दोनों हाफ यानी 90 मिनट का खेल गोल रहित रहा। स्पेन के लिए इकलौता गोल मेरिनो ने मैच के एक्स्ट्रा टाइम में दागा, जिसके चलते पुर्तगाल को हार का सामना करना पड़ा।फैंस को इंतजार बेशक इस मैच में रोनाल्डो का गोल देखने का था, मगर ऐसा नहीं हो सका।
FIFA World Cup 2026 में रोनाल्डो
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए सिर्फ 3 गोल किए। इसमें से 2 गोल उन्होंने उजबेकिस्तान के खिलाफ दागे वहीं एक गोल पेनल्टी के जरिए क्रोएशिया के खिलाफ राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में दागा।
रोनाल्डो का अब तक का इंटरनेशनल करियर
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अभी तक अपने इंटरनेशनल करियर में 233 मैच खेले हैं, जिसमें 146 गोल दागे हैं और 46 असिस्ट किए हैं। वो पुर्तगाल के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने और सबसे ज्यादा गोल दागने वाले फुटबॉलर हैं।उन्होंने यूरो में 14 गोल किए हैं तो वर्ल्ड कप क्वालिफायर में 37 गोल दागे हैं।


