गिरिडीह के CCL साइडिंग पर कोयला चोरों का हमला, एक की मौत,अधिकारी समेत 8 सुरक्षाकर्मी घायल

गिरिडीह के CCL साइडिंग पर कोयला चोरों का हमला, एक की मौत

गिरिडीहः कबरीबाद माइंस स्थित सीसीएल की सीपी साइडिंग पर मंगलवार देर रात 300 से अधिक कथित कोयला चोरों ने हमला कर दिया। चोर लाठी-डंडा और धारदार हथियार से लैस थे। हमले में आठ सुरक्षा गार्ड घायल हुए हैं। घायलों के अनुसार पहले 20 लोग हाइवा से जबरन कोयला उतारने लगे, विरोध करने पर मारपीट हुई और बाद में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। इसी दौरान गार्ड व हमलावरों के बीच झड़प में 22 वर्षीय दिलीप कुमार को चाकू लग गई और उसकी मौत हो गई। कोयला चोरों ने हाइवा और दो चारपहिया वाहन का शीशा तोड़ दिया। सुरक्षा कर्मियों की बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी।
इन्हें लगी है चोट
घायलों में बिरजू भुइयां, विकास कुमार, फागू कोल्ह, अफजल हुसैन, संतोष सिंह, असगर अंसारी और बलदेव गोप शामिल हैं। सभी का इलाज सीसीएल के लंकास्टर हॉस्पिटल में चल रहा है। घायलों में सीसीएल अधिकारी राम सागर भी शामिल हैं। घायल अफजल ने बताया कि पहले 20 की संख्या में कोयला चोर पहुंचे और हाइवा से जबरन कोयला उतारने लगे। विरोध पर मारपीट की। सीसीएल की पेट्रोलिंग गाड़ी से और गार्ड पहुंचे, लेकिन तब तक 300 से अधिक चोर जुट गए और हमला बोल दिया। सूचना पर परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस के आते ही चोर भाग गए।
माइंस क्षेत्र में मची अफरातफरी
अचानक हुए हमले से माइंस क्षेत्र में अफरातफरी मच गयी। सीसीएल के जीएम व पीओ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना को सूचित किया गया।थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल माइंस क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है। पुलिस के आते ही लोग भाग गये। मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान करने और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुट गयी।

See also  सत्यानंद झा बाटुल को मनाने पहुंच गए हिमंता बिस्वा सरमा; किया बड़ा वादा; रविंद्रनाथ महतो के खिलाफ ठोंकी थी ताल
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now