रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश की संभावनाओं और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री और सीआईआई प्रतिनिधियों के बीच झारखंड में निवेश बढ़ाने, औद्योगिक नीतियों को मजबूत करने और राज्य को निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने पर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM से CII झारखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात किया। इस अवसर पर राज्य में औद्योगिक क्षेत्र के विकास से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा हुई। मौके पर प्रतिनिधियों ने WEF 2026 और UK यात्रा की सफलता एवं मिले निवेश प्रस्तावों के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। pic.twitter.com/e5MdLUtCDf
— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) May 19, 2026
दावोस सम्मेलन में झारखंड की भागीदारी की सराहना
मुलाकात के दौरान सीआईआई प्रतिनिधियों ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच 2026 में झारखंड सरकार की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को यूनाइटेड किंगडम की सफल यात्रा और राज्य को मिले मजबूत निवेश प्रस्तावों के लिए शुभकामनाएं भी दीं। सीआईआई के सदस्यों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर झारखंड की उपस्थिति से राज्य की नई पहचान बनी है और इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से झारखंड अब तेजी से उभरते निवेश केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।
झारखंड असीम संभावनाओं वाला राज्य: हेमंत सोरेन
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दावोस में आयोजित वैश्विक आर्थिक मंच के दौरान झारखंड ने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया है कि राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, मानव संसाधन और औद्योगिक विकास की दृष्टि से बेहद समृद्ध राज्य है।सरकार राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने और औद्योगिक परियोजनाओं को गति देने के लिए लगातार नई कार्य योजनाओं पर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य रोजगार सृजन के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
इंडस्ट्रियल पॉलिसी पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में सीआईआई प्रतिनिधियों ने राज्य की औद्योगिक नीति पर भी विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि झारखंड को एक मजबूत इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन बनाने के लिए उद्योग जगत और सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सीआईआई के सदस्यों ने राज्य सरकार के साथ मिलकर औद्योगिक विकास के क्षेत्र में काम करने की इच्छा जताई। साथ ही उन्होंने नीति निर्माण प्रक्रिया में नॉलेज पार्टनर और इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सहयोग देने का प्रस्ताव भी रखा।प्रतिनिधियों ने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए पारदर्शी नीतियां और तेज प्रशासनिक प्रक्रिया निवेशकों का विश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
कई वरिष्ठ प्रतिनिधि रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष दिलू पारिख, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विस के उपाध्यक्ष डीबी सुंदर रमन, सीआईआई ईस्टर्न रीजन के रीजनल डायरेक्टर देव ज्योति और सीआईआई झारखंड हेड प्रभात कुमार शामिल थे। बैठक के दौरान सभी प्रतिनिधियों ने राज्य में औद्योगिक माहौल को और बेहतर बनाने के लिए सरकार के साथ समन्वय बनाकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। वहीं मुख्यमंत्री ने भी उद्योग जगत के सहयोग से झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की बात कही।
इसके अलावा मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण निगमित मुख्यालय के कार्यपालक निदेशक एस० एस० राजू ने मुलाकात की।मुख्यमंत्री को उन्होंने 20 मई को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा सहित अन्य के उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM से भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण निगमित मुख्यालय के कार्यपालक निदेशक श्री एस० एस० राजू ने मुलाकात की।मुख्यमंत्री को उन्होंने 20 मई को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा सहित अन्य के उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया। pic.twitter.com/BSBqIxcPjr
— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) May 19, 2026


