लोहरदगा के ओयना टोंगरी की बंद पत्थर खदान से मिली बोरे में बंद लाश, सिर और पैर बरामद, हत्या की आशंका

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 7, 2026

लोहरदगा के ओयना टोंगरी की बंद पत्थर खदान से मिली बोरे में बंद लाश, सिर और पैर बरामद, हत्या की आशंका

लोहरदगा : सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओयना टोंगरी की बंद पत्थर खदान से मंगलवार को बोरे में बंद एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव के कई टुकड़े किए गए और उन्हें बोरे में भरकर पानी से लबालब खदान में फेंक दिया गया। फिलहाल बोरे से शव का सिर और दोनों पैर ही बरामद हुए हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश पुलिस करा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बोरे को गहरे पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर भी मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

See also  रांची में महिला की बेरहमी से हत्या, पति गंभीर रूप से घायल

मछली पकड़ने पहुंचे युवकों ने देखा बोरा
ओयना टोंगरी स्थित पत्थर खदान में लंबे समय से खनन बंद है। बरसात के कारण खदान पूरी तरह पानी से भर चुकी है। मंगलवार को कुछ युवक वहां मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें पानी में एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसमें मानव अंग होने की आशंका हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में बोरा बाहर निकाला गया तो उसमें शव के कुछ हिस्से मिले। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।

इंटरनेट मीडिया पर तस्वीर देख परिवार पहुंचा अस्पताल
घटना के बाद शव की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने लगे। देर शाम शहरी क्षेत्र के मिकाइल मियां और उनकी पत्नी जुमेरन खातून सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शव के चेहरे और पैरों पर बने निशानों के आधार पर आशंका जताई कि यह उनके 22 वर्षीय बेटे हुसैन अंसारी का शव हो सकता है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि हुसैन चार जुलाई को घर से निकला था। वह एक गैराज में काम करता था और कई बार दो-तीन दिन तक घर नहीं लौटता था। इसी कारण उसके नहीं आने पर शुरुआत में किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई और गुमशुदगी की सूचना भी थाने में दर्ज नहीं कराई थी।

See also  बोकारो बंद के दौरान उपद्रव, तेनु नहर को दो जगह काटा, जिले में होगा जलसंकट, गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी

पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि शव की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि बोरे से अभी केवल सिर और पैर बरामद हुए हैं, जिससे स्पष्ट है कि शव के टुकड़े कर उसे ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया। शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश कराई जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या कहीं और की गई या वारदात के बाद शव लाकर खदान में फेंका गया। पहचान की पुष्टि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now