धनबादः बिड़ापिछडी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र बनाने के आरोपी जेएलकेएम नेता गणेश दास को हिरासत में लेने का विवाद गहराता जा रहा है। मुखिया के बेटे प्रदीप कुमार रजक के आवेदन पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रदीप ने आरोप लगाया कि 21 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह पिता आशुतोष रजक से मिलने थाना गए थे। थाने में मौजूद डुमरी विधायक जयराम महतो ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की नीयत से गला दबाया।
विधायक का आरोपः थाने में मुझ पर हमला
इधर, डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी शनिवार देर रात बरवाड्डा थाने में आवेदन देकर दर्जनों लोगों पर जानलेवा हमले करने, मारपीट और छिनतई के आरोप लगाए हैं। विधायक के अनुसार, वे पंचायत के एक मामले की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। जहां मौजूद प्रदीप रजक, तारकेश्वर रजक व दिनेश रजक समेत अन्य लोगों ने उनपर हमला कर गला दबाने का प्रयास किया। उनके समर्थकों से मारपीट और सोने की चेन छीन ली।
थाना प्रभारी से बातचीत के दौरान हमले का आरोप
विधायक के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली थी कि गणेश दास के साथ मारपीट की गयी है। वह थाना प्रभारी रवि कुमार से इसी संबंध में बातचीत कर रहे थे, तभी नामजद लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कहते हुए उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुशील मंडल के साथ भी मारपीट की गयी। विधायक ने प्रेम महतो समेत अन्य पर सुशील मंडल के गले से दो लाख रुपये से अधिक कीमत की चेन छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाये गये आरोपों की जांच कर रही है।
शुक्रवार रात थाना परिसर में बढ़ा था विवाद
मामले में शुक्रवार रात बरवाअड्डा थाना परिसर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये थे। बताया जाता है कि फर्जी प्रमाणपत्र मामले में पुलिस गणेश दास को नोटिस देने पहुंची थी. इसके बाद उसे थाना लाया गया। इसी दौरान गणेश दास की पैरवी को लेकर विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंचे। कुछ देर बाद मुखिया पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गये।दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गयी।
फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाणपत्र बनाने का है आरोप
पूरा मामला बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर के इस्तेमाल से जाति, आवासीय प्रमाणपत्र व वंशावली तैयार किये जाने के आरोप से जुड़ा है। मुखिया ने गांव के ही गणेश दास पर फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 129/24 दर्ज है। गणेश दास जेएलकेएम के एसी मोर्चा के सचिव बताये जाते हैं। पुलिस ने इसी मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।








