विधानसभा घेराव के बाद हेमंत सोरेन ने छात्रों के नाम जारी किया संदेश, कहा- संवाद और विश्वास के साथ मिलकर करेंगे समाधान

Picture of Live Dainik

Live Dainik

August 10, 2026

रांचीः सोमवार को जेपीएससी-जेएसएससी में धांधली को लेकर छात्रों ने विधानसभा मार्च किया। पुराने विधानसभा से नए विधानसभा के बीच छात्रों ने करीब दस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। दो बार पुलिस ने आंसू गैस के गोल छोड़ और दो बार हल्का लाठीचार्ज भी किया। छात्रों की भीड़ ने पुलिस पर चप्पल और जूते बरसाएं। दो झड़प के बाद छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में छात्रों और पुलिस की ओर से काफी हद तक संयम बरता गया। झारखंड के इतिहास में कोई प्रदर्शन विधानसभा के गेट नंबर एक तक पहुंचा था। शाम करीब सात बजे पुलिस जवानों ने आंदोलन कर रहे छात्रों को हटाने में कामयाबी पाई।
छात्र संगठनों के विधानसभा घेराव और उनकी मांग को लेकर सोमवार रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से छात्रों को संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि आज के छात्र आंदोलन के दौरान संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारियों एवं जवानों का मैं धन्यवाद करता हूं।
मेरे प्यारे युवा साथियों,
आपने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ उठाई। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का आपका अधिकार है और आपकी आवाज़ का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
सरकार ने आपकी बात सुनी है। हमारे सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण आपसे लगातार संवाद करते रहे हैं और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आपकी मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होगी।
पिछले कुछ दिनों में आपने देखा है कि दोषी चाहे कोई भी हो, सरकार ने किसी को भी बख्शा नहीं है। हमारा स्पष्ट उद्देश्य है कि व्यवस्था में ऐसी कमियां दूर हों, जिससे भविष्य में किसी भी छात्र को परेशानी न उठानी पड़े।
हम परीक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहते हैं। इस बदलाव में आपकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
हमारा प्रयास है कि झारखंड केवल समस्याओं की चर्चा न करे, बल्कि यहाँ से समाधान की एक नई मिसाल कायम करे।
मैं यह भी समझता हूं कि आपके शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने और छात्रों को भटकाने की कोशिश की। आप सभी से अपील है कि आप ऐसे किसी भी राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में न आएं।
आप झारखंड का भविष्य हैं। आपकी आवाज़ को नजरअंदाज करना नहीं, उसे सुनना और आपकी समस्याओं का समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है। मैं अपनी बात दोहराऊंगा कि आइए, संवाद और विश्वास के साथ मिलकर इस मुद्दे का समाधान करें।

See also  झारखंड बीजेपी ने 279 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति का किया ऐलान, जानिए लिस्ट में कौन-कौन
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now