रांची के खेलगांव थाने से वेंटिलेटर के रास्ते फरार हो गया चोरी का आरोपी, पुलिस की सुरक्षा पर उठे सवाल

Picture of Live Dainik

Live Dainik

August 1, 2026

रांची के खेलगांव थाने से वेंटिलेटर के रास्ते फरार हो गया चोरी का आरोपी, पुलिस की सुरक्षा पर उठे सवाल

रांची: खेलगांव थाना में पुलिस अभिरक्षा से चोरी के एक आरोपित के फरार हो जाने की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिस आरोपित को एक दिन पहले चोरी के मामले में गिरफ्तार कर थाना लाया गया था, वह बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते फरार हो गया।घटना के बाद पूरे थाना परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस ने आसपास के इलाकों में तत्काल तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक आरोपित का कोई सुराग नहीं मिल सका।अब पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, वहीं इस पूरे मामले में पुलिस की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेलगांव थाना कांड संख्या 39/2026, दिनांक 30 जुलाई को दर्ज चोरी के मामले में मो असफाक अंसारी और एक अन्य आरोपित गिरफ्तार किया गया था। असफाक मौलाना आजाद कालोनी, नामकुम का निवासी है।खेलगांव थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक शिवनंदन कुमार ने अपने लिखित आवेदन में बताया है कि 31 जुलाई को वह प्रथम ओडी ड्यूटी पर थे। उसी दौरान उन्हें हाजत और आरोपितों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
बाथरूम के वेंटिलेटर से भागा आरोपित
दोपहर करीब 1.25 बजे आरोपित मो असफाक अंसारी लगातार बाथरूम जाने की जिद करने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे हाजत से निकालकर बाथरूम तक ले गए। कुछ देर बाद जब पुलिस ने उसे आवाज लगाई तो भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर बाथरूम का दरवाजा धक्का देकर खोला गया तो आरोपित वहां मौजूद नहीं था।
जांच करने पर आशंका जताई गई कि वह बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते निकलकर फरार हो गया। आरोपित के फरार होने की सूचना मिलते ही थाना में मौजूद सभी पुलिस अधिकारी और जवान उसकी तलाश में जुट गए।आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई।यह पूरा मामला उस चोरी की घटना से जुड़ा है जिसकी शिकायत गाड़ी होटवार निवासी अंजनी घोष ने 30 जुलाई को खेलगांव थाना में दर्ज कराई थी।
अंजनी घोष ने अपने आवेदन में बताया था कि 29 जुलाई की रात उनके घर से करीब एक ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, डेढ़ भर का सोने का झुमका, लगभग पंद्रह भर की दो जोड़ी चांदी की पायल तथा मोबाइल फोन चोरी हो गया था।उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके घर में किराये पर रहने वाले मो असफाक अंसारी, उसकी पत्नी शिफद आदा और एक नाबालिग पर उन्हें चोरी करने का पूरा संदेह है।इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को पकड़ा था। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस उसके पैतृक और वर्तमान दोनों ठिकानों पर पहुंची, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। उसके परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। इस घटना में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

See also  झारखंड के चर्च में एक और डकैती, नकाबपोश बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now