रांचीः झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाला चुनाव अपने क्लाइमेक्स की ओर जैसे-जैसे बढ़ रहा है वैसे-वैसे एनडीए और महागठबंधन के विधायकों को लेकर दोनों ओर से कोशिशें तेज हो गई है। राज्यसभा चुनाव को लेकर बढ़ने रोमांच के बीच मंगलवार को एनडीए के विधायकों को रांची के रेडिसर ब्लू होटल में शिफ्ट किया गया तो महागठबंधन के विधायकों की परेड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर हुई। सत्ता पक्ष (महागठबंधन) और विपक्ष (एनडीए) दोनों ही अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इस चुनाव में सबसे ज्यादा फोकस किसी भी तरह की संभावित सेंधमारी या क्रॉस वोटिंग को पूरी तरह रोकने पर है। इसके लिए दोनों ओर से रिजॉर्ट पॉलिटिक्स और लंच-डिनर डिप्लोमेसी का सहारा लिया जा रहा है।
CM आवास में महागठबंधन का महाजुटान, डिनर पर बनी रणनीति
एक तरफ जहां सत्तारूढ़ गठबंधन (झामुमो, कांग्रेस, राजद और वामपंथी दल) के विधायकों का जुटान कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुआ, वहीं दूसरी तरफ एनडीए के सभी विधायक रांची के एकमात्र पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू में शिफ्ट हो गए हैं। मुख्यमंत्री आवास में शाम सात बजे से ही मंत्रियों और विधायकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो रात नौ बजे तक चला। यहां सभी ने एक साथ रात्रिभोज (डिनर) का आनंद लिया।
इसी दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विधायकों से वन-टू-वन बात कर उनका मन टटोला। बैठक में तय हुआ कि सत्ताधारी दल के सभी विधायक एकजुट होकर एक साथ ही मतदान के लिए विधानसभा पहुंचेंगे।इससे पहले, कांग्रेस के पर्यवेक्षक अजय शर्मा, प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के साथ 15 विधायक एक साथ सीएम हाउस पहुंचे। वहीं, राजद के विधायक पर्यवेक्षक भोला यादव के नेतृत्व में वहां पहुंचे।
होटल रेडिसन ब्लू में जमे NDA विधायक, होगा मॉक पोल
दूसरी ओर, एनडीए खेमे में भी हलचल तेज है। भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी खुद होटल रेडिसन ब्लू में जमे हुए हैं, जहां उन्होंने विधायकों से ‘मन की बात’ की। भाजपा नेताओं के अनुसार, एनडीए के सभी विधायक मतदान से पहले होटल में ही एक ‘मॉक पोल’ (वोटिंग के प्रशिक्षण) में हिस्सा लेंगे, ताकि वोटिंग के समय कोई तकनीकी गलती न हो। विपक्ष ने स्पष्ट किया है कि विधायकों के होटल में रहने का मकसद एकजुटता दिखाना है, जिससे विपक्षी खेमे को तोड़फोड़ का कोई मौका न मिले। हालांकि, विधायकों के बाहर आने-जाने पर कोई पाबंदी नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा विधायक चम्पाई सोरेन भी मंगलवार को गुमला के एक कार्यक्रम से लौटकर होटल में जुड़ गए। पलामू में बीमार चल रहे विधायक प्रकाश राम भी देर शाम तक रांची पहुंच गए।एनडीए और निर्दलीय प्रत्याशी का दावा राज्यसभा प्रत्याशी परिमल नथवाणी ने एक बार फिर अपनी जीत का मजबूत दावा ठोकते हुए कहा है कि उन्हें एनडीए के तय वोटों के अलावा दूसरे दलों के विधायकों का भी अंदरूनी समर्थन हासिल है।







