धनबादः गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अपर बाजार स्थित घर में बीजेपी नेता अमृत दास का संदिग्ध परिस्थिति में शव मिला। अमृत दास बीजेपी एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके है। मृतक के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। मां और बहन का कहना है कि अमृत दास की शादी दो सगी बहनों से हुई थी और उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों पत्नियों ने मिलकर अमृत दास की हत्या की है। परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मौत से एक दिन पहले भी दोनों पत्नियों के बीच झगड़ा हुआ था। शॉपिंग कराने को लेकर शुरू हुए झगडे़ के बाद हालात काफी बिगड़ गए थे। इसके बाद शुक्रवार (1 मई) सुबह घर के भीतर अमृत दास का शव मिला।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जानकारी के मुताबिक, अमृत दास दूसरी बीवी को बाजार ले गए थे। इस बात पर पहली बीवी नाराज हो गई और घर में विवाद बढ़ गया। इसी विवाद के बाद अगले दिन शख्स की मौत हो गई। गोविंदपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। दोनों पत्नियों और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास के CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्या या आत्महत्या? रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस इस बारे में कुछ भी स्पष्ट तौर पर कहने की स्थिति में नहीं है।इसके लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मौत के पीछे वजह हत्या या आत्महत्या या फिर कोई अन्य कारण है।



