दरभंगा: शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में केवटी थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर को आरोपित किया गया है। पीड़िता ने महिला थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
थाना में हुई थी पीड़िता और SI की मुलाकात
सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने अपने आवेदन में बताया कि वह अपनी मां के साथ एक मामले में आवेदन देने कमतौल थाना पहुंची थी। इसी दौरान वहां कार्यरत सब इंस्पेक्टर से उसकी मुलाकात हुई।
SI ने रखा था शादी का प्रस्ताव
इसी बीच सब इंस्पेक्टर ने युवती का मोबाइल नंबर लिया और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई, तभी आरोपित ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती के अनुसार, उसके माता-पिता से भी शादी को लेकर बातचीत हुई थी और परिवार ने इस रिश्ते पर सहमति जता दी थी।
मंदिर में SI ने पीड़िता की भरी थी मांग
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद सब इंस्पेक्टर उसे एक मंदिर में ले गया, जहां भगवान को साक्षी मानकर उसकी मांग में सिंदूर भरा। इस तरह शादी का विश्वास दिलाने के बाद वह युवती को अलग-अलग होटलों में ले जाने लगा। दिये आवेदन के अनुसार इसी दौरान कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और युवती की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बनाया गया।
गर्भवती होने पर बच्चे को पहुंचाया नुकसान
युवती ने अपने आवेदन में यह भी दावा किया है कि इस संबंध के दौरान वह गर्भवती हो गई थी। जिससे उसे दवा खिलाकर गर्भस्थ बच्चे को नुकसान पहुंचाया गया। बाद में जब युवती के माता-पिता ने आरोपित के परिजनों से सामाजिक रूप से शादी कराने की बात उठाई तो कथित तौर पर विवाद शुरू हो गया।
शादी की एवज में 30 लाख रुपए की डिमांड
पीड़िता के अनुसार, शादी की बात आगे बढ़ाने पर आरोपित के परिजनों की ओर से कथित रूप से गाली-गलौज की गई और सामाजिक रूप से शादी कराने के एवज में 30 लाख रुपए की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।इतना ही नहीं, उसे और उसके परिवार के सदस्यों को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देने की बात भी प्राथमिकी में कही गई है।





