रांचीः एकतरफा प्यार में एक आशिक ऐसा बौखलाया कि लड़की के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। झारखंड के रातू थाना इलाके में एक नाबालिग आशिक ने पहले लड़की को प्रपोज किया, लेकिन जब लड़की ने लताड़ लगाते हुए इंकार कर दिया तो गुस्से से बौखलाए आशिक ने उसकी पूरी जिंदगी बर्बाद करने की ठान ली। पुलिस खुलासे में सामने आया है कि उसने अपने दोस्तों संग मिलकर लड़की से गैंगरेप किया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रेम प्रस्ताव ठुकराने से नाराज था नाबालिग आरोपी
इस तरह रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में आठ नवंबर को हुई एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की गुत्थी को रांची पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों पंडरा निवासी पंकज लोहरा व रातू निवासी अंशु राणा को गिरफ्तार किया है।ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि छात्रा द्वारा प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज नाबालिग आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी।
लड़के के प्रपोजल पर लड़की ने लगाई थी लताड़
बताया जा रहा है कि नाबालिग आरोपी छात्रा से एकतरफा प्यार किया करता था। कुछ दिन पहले आरोपी ने छात्रा को परपोज किया। लेकिन छात्रा ने इससे इनकार करते हुए उसे जमकर डांटा था। इसके बाद आरोपी लड़के ने छात्रा से दुष्कर्म की साजिश रची। छह से सात दिन तक उसकी रेकी करने के बाद घटना को अंजाम दिया।
गैंगरेप से पहले कर चुके थे कई प्रयास
पीड़िता के बयान पर रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पहले पंकज को हिरासत में लिया गया। सख्ती से हुई पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया और उसकी निशानदेही पर अन्य दोनों आरोपियों को भी दबोच लिया गया। आरोपियों ने आठ नवंबर से पहले 3 से 4 बार छात्रा से दुष्कर्म करने का प्रयास किया। लेकिन गश्ती की वजह से वे सफल नहीं हुए। आठ नवंबर को गश्ती पुलिस चटकपुर से घटना से 10 मिनट पहले निकल गई। तभी लड़कों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।





