रांचीः तमाड़ थाना क्षेत्र के रांची-टाटा मार्ग पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना डोरेया मोड़ के समीप हुई, जहां बाइक को बचाने के प्रयास में टेंपो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद सवारियों से भरा टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसे में घायल पांचों लोगों को इलाज के लिए तमाड़ अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें तीन की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
तमाड़ बाजार से परासी जा रहा था टेंपो
टेंपो तमाड़ बाजार से सवारियों को लेकर परासी की ओर जा रहा था। इसी दौरान हुए हादसे में दिउड़ी गांव निवासी गंगा देवी (40 वर्ष) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉ. मंजू गुप्ता ने बताई घायलों की स्थिति
तमाड़ अस्पताल की चिकित्सक डॉ. मंजू गुप्ता ने बताया कि टेंपो पलटने की घटना के बाद अस्पताल में पांच घायलों को लाया गया था, जबकि एक महिला की मौत हो चुकी थी। घायलों में तीन की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर तमाड़ पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया। रविवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।महिला की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।







