लोहरदगा : जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली भारतीय टीम से शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात की। दिल्ली के इंदिरा गांधी खेल परिसर में आयोजित इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन और देश के लिए पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके जज्बे, लगन और समर्पण की सराहना की। पदक विजेता टीम में लोहरदगा की बेटी संजना कुमारी भी शामिल थी। संजना के पिता और सेना के पूर्व जवान रतन कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद बेटी ने उन्हें फोन किया।

संजना ने बताया कि प्रधानमंत्री से मिलकर उसे काफी अच्छा लगा। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के संघर्ष, इच्छाशक्ति और समर्पण की प्रशंसा की। इस मुलाकात से संजना का उत्साह बढ़ा है। बेटी की इस उपलब्धि और प्रधानमंत्री से मुलाकात की जानकारी मिलने के बाद पूरा परिवार खुशी से गदगद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों से मुलाकात के बाद इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट कर भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पैरा एशियन गेम्स में भारत के बढ़ते गौरव के पीछे खिलाड़ियों की अपार क्षमता और प्रतिभा है। इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने 30 स्वर्ण पदक जीते। पांच विश्व रिकार्ड और नौ एशियाई रिकार्ड बनाए। चार स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे पोडियम पर कब्जा जमाया। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि पैरा एशियन गेम्स में पहली बार हिस्सा लेने वाले 61 खिलाड़ियों में से 36 पदक जीतकर लौटे।

वहीं भारतीय दल की 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 पदक विजेता रहीं। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई सपना बड़ा नहीं और कोई चुनौती कठिन नहीं होती। प्रतिभा रखने वाले खिलाड़ियों को आज देश का समर्थन और प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलते रहने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। लोहरदगा शहरी क्षेत्र के शास्त्री नगर ढोढ़ा टोली निवासी संजना की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र के लोग गौरवान्वित हैं।








