जमशेदपुर: ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म GET-ID की आड़ में संगठित तरीके से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का जमशेदपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जमशेदपुर साइबर थाना की पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 67 सिम कार्ड, 102 एटीएम कार्ड, बैंक से संबंधित दस्तावेज और 8,440 रुपये नकद समेत कई अन्य सामान जब्त किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी निवासी एम. मनु प्रकाश (31), टेल्को निवासी मो. फरहान (21), बिरसानगर निवासी राहुल मिंज, बिरसानगर निवासी अभिषेक राज (करीब 25) और सीतागोड़ा निवासी श्रवण सोना (23) शामिल हैं।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने शुक्रवार को बताया कि छापेमारी जमशेदपुर और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने की। रामगढ़ साइबर अपराध थाना में दर्ज केस नंबर 05/2026 की जांच के दौरान बिरसानगर में आरोपियों के सक्रिय होने की जानकारी मिली थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमशेदपुर साइबर थाना, बिरसानगर थाना और रामगढ़ साइबर थाना की टीम बनाई गई। तकनीकी जानकारी के आधार पर टीम ने 29 अक्टूबर को मकान की पहली मंजिल पर छापा मारा।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ‘GET&ID’ नाम के ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर लोगों को खेलने के लिए कहते थे। शुरुआत में कम रकम लगाकर बड़ा इनाम जीतने का लालच दिया जाता था। रकम हारने पर अगली बार बड़ा दांव लगाकर नुकसान पूरा करने का भरोसा दिया जाता था। पुलिस का आरोप है कि इस तरीके से लोगों से पैसे ठगे जाते थे। इसके बाद रकम अलग-अलग बैंक खातों में भेजी जाती और एटीएम कार्ड से नकद निकाली जाती थी।







