रांचीः बरियातू थाना क्षेत्र से नाबालिग बच्ची के अपहरण की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक जैद को गिरफ्तार किया है। फिलहाल बच्ची को मेडिकल जांच के लिए रांची के सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की शिकायत पर बरियातू पुलिस ने जांच शुरू की थी। नबालिग के गायब होने और परिवार वालो के द्वारा दिये गए आवेदन के आधार पर आरोपी जैद के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्ची को बरामद किया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्ची को प्रेम जाल में फंसाकर उसका माइंडवॉश किया गया था।परिजनों का यह भी आरोप है कि इस पूरे मामले में जैद के परिवार की भी भूमिका रही है। बच्ची के पिता ने दावा किया कि बच्ची को इस तरह प्रभावित किया गया था कि वह अपने धर्म के विपरीत कार्य भी करने लगी थी। बच्ची की बरामदगी के बाद उसके पिता ने राहत और खुशी जताई है। पुलिस अब बच्ची के बयान, मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।
धार्मिक रंग देने की कोशिश
आपको बता दें कि छात्रा के तथाकथित अपहरण के बाद पूरे मामले को धार्मिक देने की कोशिश की गई थी। कई संगठनों ने मामले को लेकर कई तरह के आरोप लगाए थे। मामले में पुलिस में बेहतरीन कार्रवाई करते हुए छात्रा को बरामद कर पूरे विवाद पर विराम लगा दिया है। सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि छात्रा को बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।







