रांची: कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे के बाद झारखंड पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का दोबारा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है।
मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि सभी पंडालों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाए। पूजा समितियों ने सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन किया है या नहीं, इसकी समीक्षा की जाए। पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक इंतजामों की जांच कर कमियों को दूर करने पर जोर दिया गया है। पुलिस को अलर्ट मोड में रहने और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।






