रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र में योगदा सत्संग कालेज के सामने एक झोपड़ी से 28 वर्षीय पवन सिंह का शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई है। मृतक की गर्दन धारदार हथियार से काटे जाने की बात सामने आई है। उसके चेहरे पर सूजन थी।
स्वजन के अनुसार, उसके गुप्तांग में भी गंभीर चोट के निशान थे। मृतक की बहन प्रीति कुमारी ने सीमा देवी और उसके अन्य साथियों पर मिलकर भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दिए आवेदन में उसने पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

बहन ने महिला पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
पुलिस को दिये आवेदन में प्रीति ने आरोप लगाया है कि सीमा देवी पहले से शादीशुदा होने के बावजूद पवन पर जबरन साथ रहने का दबाव बनाती थी और उसके साथ मारपीट करती थी। प्रीति के मुताबिक, उसने आठ अक्टूबर को अपने भाई को सीमा देवी के साथ जगन्नाथपुर में देखा था।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सीमा देवी के अन्य युवकों से संपर्क को लेकर पवन विरोध करता था।परिजनों को संदेह है कि सीमा देवी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।बहन ने बताया कि शव के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे और चेहरे पर गंभीर सूजन थी। पुलिस को दिये गये आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।





