जमशेदपुर: बिष्टुपुर में सोमवार को भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजपा के लोग कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुरस्कालय आ रहे थे, इसी बीच कांग्रेस के लोगों ने विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस सांसद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जी टाउन मैदान से मार्च निकाला। मार्च करते हुए सभी कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के सामने पहुंचे। इसी दौरान कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद जमकर नारेबाजी हुई।


क्या है मामला
भाजपा जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा की ओर से सोमवार, 12 अक्टूबर को बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर आक्रोश प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया गया था। प्रदर्शन का उद्देश्य दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले में मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं पूर्व प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग करना था।
जी टाउन क्लब मैदान से पहुंचे थे भाजपा कार्यकर्ता
प्रदर्शन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को सुबह 11:30 बजे बिष्टुपुर के जी टाउन क्लब मैदान में एकत्र होना था। यहां से कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय पहुंचे।प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया. इस दौरान कई लोगों को चोटें आयीं।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार समेत कई घायल
पथराव में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार और कांग्रेस के उपाध्यक्ष समेत 10 से अधिक लोगों के सिर फटने की सूचना है। अचानक हुई भिड़ंत से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जेएनयू प्रकरण को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव में बदल गया।
घटना की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और पथराव किस ओर से शुरू हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है। घायलों की स्थिति और मामले में पुलिस की कार्रवाई से संबंधित जानकारी की भी पुष्टि की जानी बाकी है।





