हजारीबाग: हुरहुरु स्थित बाबा पथ काली मंदिर के समीप KTM शोरूम एवं सर्विसिंग सेंटर में शनिवार की रात भीषण आग लग गयी। आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।शोरूम और सर्विसिंग सेंटर में रखे कई वाहन आग की चपेट में आ गये। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, घटना में करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जतायी जा रही है। आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट बतायी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डेढ़ घंटे तक आग बुझाने में जुटी रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दो अग्निशमन वाहनों को लगाया गया। आग इतनी भीषण थी कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद भी अग्निशमन कर्मी उसे बुझाने में जुटे हुए थे।

दर्जनों वाहनों को नुकसान की आशंका
आग की चपेट में आने से शोरूम में रखे दर्जनों वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, कितने वाहन क्षतिग्रस्त हुए और वास्तविक नुकसान कितना हुआ, इसका तत्काल आकलन नहीं हो सका था। शोरूम खुलने और क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच के बाद ही नुकसान की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।





