रांचीः परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के परिवार वापस ट्रैक्टर मिल गया है। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कृषि पदाधिकारी की मौजूदगी में कंपनी द्वारा ट्रैक्टर वापस लिये जाने की घटना पर तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शहीद के बेटे विंसेंट एक्का को कृषि कार्य के लिए उपलब्ध कराया गया ट्रैक्टर वापस लिये जाने की जानकरी मिलने पर शनिवार को मंत्री ने विभागीय अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को तलब किया। पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद उन्होंने विंसेंट एक्का को रांची बुलवाया और ससम्मान ट्रैक्टर की चाबी उन्हें सौंप दी।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि डिजिटल न्यूज मीडिया और अखबार के माध्यम से जैसे ही उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि विभाग को समुचित रूप से अवगत कराए बिना एजेंसी द्वारा ट्रैक्टर वापस ले जाना उचित प्रक्रिया नहीं थी। मंत्री ने कहा कि विंसेंट एक्का को मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि कार्य के लिए सरकार की ओर से ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया था। पूरे मामले में विभागीय नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप मामले का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शहीद परिवार को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान विंसेंट एक्का ने अधिकारियों के व्यवहार को लेकर अपनी आपत्ति भी मंत्री के समक्ष रखी और पूरे मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। विभागीय मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद परिवारों से जुड़े मामलों में सम्मान, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य किया जाए।



