पटना : खाजेकलां थाना क्षेत्र के दुल्ली घाट इलाके में शनिवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ऑटो चालक बेटे चिंटू ने अपनी विधवा मां रेखा देवी उर्फ मंजू के साथ मारपीट की और फिर उन्हें जलाकर मार डाला।घटना की सूचना मिलने के बाद जब खाजेकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर में मां का जला हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। आरोपित पुत्र से पुलिस पूछताछ कर रही है।
वृद्धा को कमरे से खींचकर बाहर ला रहा था
शनिवाद देर रात नशे की हालत में उसने एलपीजी गैस से मां के शरीर में आग लगा दी। कमरे से धुआं निकलता देख अन्य किरायेदार जाग गए। उन्होंने कमरा खुलवाया तो देखा कि रेखा देवी बुरी तरह जल चुकी हैं और चिंटू उन्हें खींचकर बाहर ला रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के रिश्तेदार अमर साहनी ने खाजेकलां थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए चिंटू पर मां को जलाकर मारने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे में धुआं भरा था और रेखा देवी का अधिकांश शरीर जला हुआ था। पटना सिटी के एसएसपी राजकिशोर ने कहा कि वृद्धा की हत्या में आरोपित उसके पुत्र चिंटू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित नशा करने का आदी था। नशे में विवाद के बाद घटना होने की बात सामने आई है। मामले से जुड़े हर बिंदु पर जांच की जा रही है।

पुलिस को देख विक्षिप्त जैसी हरकत करने लगा आरोपित
एएसपी राजकिशोर सिंह व खाजेकलां पुलिस ने शव को कमरे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को देखते ही आरोपित चिंटू विक्षिप्त जैसी हरकत करने लगा। एएसपी ने बताया कि युवक नशे का आदी है और नशे की हालत में ही उसने मां को आग लगाकर मार डाला। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस की निगरानी में हुआ अंतिम संस्कार
एनएमसीएच में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेखा देवी का दाह संस्कार पुलिस की निगरानी में कराया गया। उधर, आग से जलाकर वृद्धा की हत्या के बाद दुल्ली घाट व आसपास के इलाके में मातम पसरा है।






