लोहरदगा: कुडू थाना क्षेत्र के सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार सुबह घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे की आदत का विरोध करने से नाराज पिता ने सो रहे बेटे पर टांगी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित पिता जंगल की ओर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली गई है।
एक सप्ताह से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार सलगी गरभू टोली निवासी सुरेश वर्मा और उसके पुत्र संजय वर्मा के बीच पिछले करीब एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सुरेश के नशे की हालत में घर लौटने को लेकर संजय अक्सर आपत्ति जताता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था। बुधवार सुबह सुरेश घर से निकला था। कुछ देर बाद वह नशे की हालत में वापस लौटा। उस समय संजय अपने कमरे में सो रहा था। आरोप है कि घर लौटने के बाद सुरेश ने टांगी से सो रहे संजय पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से संजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कमरे में शव देख मचा कोहराम
घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को कुछ देर बाद हुई। कमरे में संजय को मृत देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। स्वजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। उधर, वारदात के बाद फरार सुरेश की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी।
सलगी जंगल में छिपा था आरोपित पिता
पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर सलगी जंगल से सुरेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद की गई। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत अनुसंधान के बाद होगी। वारदात के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





