पलामू : जिले के रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव में शुक्रवार की देर रात चोरों ने पुलिस इंस्पेक्टर सह गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी के पैतृक घर को निशाना बनाया। चोर सीढ़ी के सहारे उनके घर में प्रवेश कर गए और अलमीरा व बक्सों को तोड़कर करीब 12 हजार रुपये नकद समेत पाँच लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमीरा और बक्सों को तोड़कर सामान बिखेर दिया और नकदी व जेवरात लेकर भाग निकले। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की और दो संदिग्धों को पकड़कर रेहला पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। चोरी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। परिवार की ओर से चोरी गए सामान का आकलन नहीं किया गया है। रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






