रांचीः पुंदाग ओपी क्षेत्र के ऐश्वर्या रेजिडेंसी रोड़ नंबर पांच निवासी सेवानिवृत सीसीएल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर ब्रह्मदेव चौधरी के साथ 2.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में उन्होंने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है। आरोप है कि पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर हजारीबाग के साउथ शिवपुरी, बोद्दम बाजार निवासी पिंकू कुमार चौधरी ने उनके साथ धोखाधड़ी की। प्राथमिकी के अनुसार पिंकू चौधरी कई वर्षो से डॉक्टर परिवार के परिचित हैं।
20 मार्च 2022 को वह उनके आवास पहुंचा और बताया कि एचपीसीएल से चौपारण के पांडेय बाड़ा में एनएच पर पेट्रोल पंप की डीलरशिप स्वीकृत हो चुकी है। पूंजी की कमी बताते हुए उसने डॉक्टर चौधरी और उनकी पत्नी डॉक्टर प्रभा कुमार को कारोबार में 49 प्रतिशत हिस्सेदार बनाने का प्रस्ताव दिया। 30 अप्रैल 2022 को 20 रुपये के स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट किया गया। आरोपी ने एचपीसीएल के समक्ष साझेदारी की औपचारिकता पूरी कराने का भरोसा दिया और 72.70 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भी दिखाया, इसके बाद भूमि विकास, सिक्योरिटी डिपॉजिट, निर्माण कार्य, मशीनरी, लाइसेंस, बिजली कनेक्शन, एनओसी और अन्य औपचारिकतओं के नाम पर रकम लेना शुरू किया।


शिकातयकर्ता के अनुसार उनके खाते से करीब 1.32 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी के खाते से 28.90 लाख रुपये लिये गये। इसके अलावा आरोपी ने अपने दूसरे कारोबार में आर्थिक परेशानी बताते हुए 55 लाख रुपये का लोन भी लिया। इसके लिए 19 दिसंबर 2022 को एकरारनामा बनाया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब 27 लाख रुपये नकर और कमेटी के नाम पर करीब 20 लाख रुपये भी लिये गये। आरोपी समय-समय पर पेट्रोल पंप पर काम तेजी से चलने की बात कहता रहा और निर्माण स्थल की तस्वीरें भी भेजता रहा। कुछ रकम उनके खातों से लाभांश के रूप में भेजी गयी, जिससे भरोसा बना रहा। बाद में उन्हें आशंका हुई कि धोखाधड़ी की गयी है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और विश्वासघात के आरोप में कार्रवाई करने तथा रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।




