रांचीः शनिवार देर रात बुंडू टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को कुचल दिया। दुर्घटना ने बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने मुआवजा को लेकर करीब ढ़ाई घंटे तक बुंडू टोल प्लाजा के पास सड़क जाम कर हंगामा किया। बुंडू के DSP ओमप्रकाश ने कहा कि गुस्साए लोगों को समझाने और बातचीत के बाद रात करीब साढ़े 11 बजे जाम हटाया गया। प्रशासन ने परिवार को सभी सरकारी सहायता उपलब्ध करने का भरोसा दिलाया है।
गाड़ी के पास खड़े होकर कर रहे थे बातचीत
बताया जा रहा है कि बुंडू के बाजार टांड़ निवासी अमित साहू अपने ड्राइवर दिलीप मुंडा के साथ ओवरब्रिज के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ी के पास बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चुतरू गांव के रहने वाले दिलीप मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अमित साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक लेकर भागने लगा चालक
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर आगे निकल गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया और बुंडू टोल प्लाजा के पास उसे पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूचना मिलने पर बुंडू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दिलीप मुंडा के शव को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया। दूसरी तरफ गंभीर रूप से घायल अमित साहू को बुंडू अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए रांची रेफर कर दिया। लेकिन रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया।इस तरह इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही टोल प्लाजा पर जुटे ग्रामीण
अमित साहू की मौत की जानकारी मिलते ही उनके परिजन और स्थानीय ग्रामीण काफी आक्रोशित हो गए।रात करीब नौ बजे बड़ी संख्या में लोग बुंडू टोल प्लाजा पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया। जाम की वजह से टोल प्लाजा पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। ग्रामीण मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे समेत अपनी मांगों को लेकर सड़क पर बैठे रहे। मृतक के भाई समेत अन्य परिजन भी मौके पर मौजूद थे।
ढाई घंटे की बातचीत के बाद हटा जाम
जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने लोगों को समझाने और उनकी मांगों पर बातचीत के जरिए सहमति बनाने की कोशिश की। करीब ढाई घंटे तक चली बातचीत के बाद रात साढ़े 11 बजे ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। इसके बाद बुंडू टोल प्लाजा पर वाहनों की आवाजाही दोबारा सामान्य हो गई।





